मुजफ्फरपुर के बाढ़ पीड़ितों को मिलेगी सहायता राशि, फसल और मकान क्षति का होगा सर्वे
Bihar Flood Damage Assessment: डीएम कुमार गौरव ने मुजफ्फरपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल और मकान क्षति का आकलन कर नियमानुसार सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं।

बाढ़ का पानी घटने के बाद जल-जनित बीमारियां न फैले इसके लिए ब्लीचिंग पाउडर और चूना छिड़काव का निर्देश दिया गया है। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Flood Relief News: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फसल और मकान क्षति का आकलन कर लोगों को नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।
डीएम कुमार गौरव ने संबंधित अधिकारियों को यह स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी प्रमुख विभागों को सतर्कतामूलक कार्य और अनुग्रह अनुदान वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर जोर
बाढ़ का पानी घटने के बाद जल-जनित बीमारियां न फैले इसके लिए ब्लीचिंग पाउडर और चूना छिड़काव का निर्देश दिया गया है।
सिविल सर्जन को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार फागिंग कराने को कहा गया है। डायरिया, स्किन इन्फेक्शन, बुखार और लेप्टोस्पायरोसिस से बचाव के लिए मेडिकल कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
पानी जांच की जिम्मेदारी
सर्पदंश के मामलों में त्वरित इलाज सुनिश्चित करने की सख्त हिदायत दी गई है। पीएचइडी विभाग को चापाकालों की क्लोरीन से सफाई और पेयजल जांच का जिम्मा सौंपा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सड़कों की मरम्मत का आदेश
कटरा, गायघाट, जयमल डुमरी और हुस्सेपुर में क्षतिग्रस्त ग्रामीण सड़कों की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। पथ निर्माण विभाग और एनएचएआइ को भी मुख्य मार्गों को सुधारने को कहा गया है। जिला कृषि अधिकारी को फसल नुकसान का पंचायतवार सर्वे कर सात दिनों में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
