विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में उर्वरक की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, साहेबगंज की खाद दुकान का लाइसेंस निलंबित

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:24 PM (IST)

Muzaffarpur Fertilizer Black Marketing: जिला कृषि पदाधिकारी ने मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में मेसर्स जायसवाल सीड्स एंड फर्टिलाइजर का लाइसेंस उर्वरक की कालाबाजारी और अधिक दर पर बिक्री के आरोप में निलंबित कर दिया है। 

उर्वरक की कालाबाजारी की शिकायत के बाद छापेमारी की फाइल फोटो।

उर्वरक की कालाबाजारी की शिकायत के बाद छापेमारी की फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Sahebganj Fertilizer Shop License Suspended: किसानों को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने और खाद वितरण में अनियमितता बरतने के आरोप में जिला कृषि पदाधिकारी भारत भूषण ने साहेबगंज प्रखंड के ईशाछपरा स्थित मेसर्स जायसवाल सीड्स एंड फर्टिलाइजर का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्रतिष्ठान के संचालक राहुल कुमार को 48 घंटे के अंदर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उर्वरक अनुज्ञप्ति रद करने के साथ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

किसानों की शिकायत पर जांच

जिला कृषि पदाधिकारी के अनुसार प्रतिष्ठान के खिलाफ दो किसानों ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें रूपेश कुमार ने 21 अक्टूबर को किसान कॉल सेंटर पर और रामपुर भितनपुरा निवासी दिनेश कुमार ने चार नवंबर को शिकायत की थी।

शिकायतों के आलोक में प्रखंड कृषि पदाधिकारी साहेबगंज ने छह नवंबर को प्रतिष्ठान से स्पष्टीकरण मांगा था। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर 13 नवंबर को दोबारा स्मार पत्र जारी किया गया, जिसके बाद प्रतिष्ठान का जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर 20 नवंबर को लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की गई।

अब जवाब पर टिकी कार्रवाई

जिला कृषि पदाधिकारी ने आदेश में कहा है कि प्रथम दृष्टया मामला उर्वरक की कालाबाजारी और अधिक मूल्य पर बिक्री से जुड़ा प्रतीत होता है, जो उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के प्रतिकूल है।

प्रतिष्ठान को 48 घंटे के भीतर साक्ष्य आधारित स्पष्टीकरण देना होगा और जवाब संतोषजनक नहीं होने पर लाइसेंस रद करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

आदेश की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, संयुक्त निदेशक शष्य तिरहुत प्रमंडल और कृषि निदेशक बिहार को भी भेज दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।