बिहार में बांग्लादेशी का फर्जी आधार-पासपोर्ट बनवाने वाला कन्हाई अब भी फरार, घर की होगी कुर्की
मुजफ्फरपुर में फर्जी आधार कार्ड के जरिए बांग्लादेशी नागरिकों के भारतीय पासपोर्ट बनवाने वाले रैकेट का मुख्य आरोपी कन्हाई मिश्रा ...और पढ़ें
-1791360653758_m.webp)
इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
कन्हाई मिश्रा, फर्जी पासपोर्ट रैकेट का मुख्य आरोपी, अभी भी फरार।
पुलिस कन्हाई की गिरफ्तारी के लिए घर की कुर्की-जब्ती की तैयारी में।
रैकेट के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और लंदन लिंक की भी जांच जारी।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर । पहले फर्जी आधार कार्ड तैयार करना और फिर उसी के सहारे बिहार के पते पर बांग्लादेशी नागरिक का भारतीय पासपोर्ट बनवाने के मामले में पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है।
रैकेट से जुड़ा कन्हाई मिश्रा पुलिस की पकड़ से अब भी दूर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए करजा, कांटी समेत कई स्थानों पर छापेमारी की गई, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। अब पुलिस उसके घर की कुर्की-जब्ती की तैयारी में जुटी है।
वारंट के बाद होगी कुर्की
पुलिस के अनुसार कन्हाई की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वारंट और इश्तेहार की कार्रवाई पूरी होने के बाद उसके घर की कुर्की-जब्ती की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपित की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पूछताछ में खुले कई नाम
इस मामले में पटना से गिरफ्तार रैकेट के मुख्य आरोपित एजाज कमर से पूछताछ में कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस को आशंका है कि फर्जी आधार और पहचान दस्तावेज तैयार करने का नेटवर्क सिर्फ मुजफ्फरपुर तक सीमित नहीं है। इसके तार बिहार के अलावा दूसरे राज्यों से भी जुड़े होने की जानकारी मिली है।
लंदन कनेक्शन भी खंगाल रही पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि एजाज की पत्नी और परिवार के कई सदस्य लंदन में रहते हैं। इसके बाद एजाज के कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और पासपोर्ट बनवाने का नेटवर्क किस स्तर तक फैला है।
चार आरोपित भेजे गए जेल
पिछले सप्ताह मोतीझील स्थित कन्हाई कम्युनिकेशन में छापेमारी के दौरान लैपटाप समेत कई सामान जब्त किए गए थे। यहां से साहिल कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसकी पूछताछ के आधार पर सारण जिले के शिव कुमार पंडित को पकड़ा गया। इसके बाद सुजीत और एजाज कमर की गिरफ्तारी हुई।
कई ठिकानों पर जारी छापेमारी
नगर थानेदार जेपी सिंह ने बताया कि चार आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस जब्त सामान और पूछताछ से मिले सुरागों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
