Muzaffarpur crime : 13 साल तक फरार, आखिर STF के शिकंजे में आया लूट-डकैती का वांटेड टहलू पासवान
Muzaffarpur crime : 13 साल से फरार चल रहा लूट-डकैती का वांटेड आरोपित राजकिशोर उर्फ टहलू पासवान मुजफ्फरपुर में एसटीएफ ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
13 साल से फरार लूट-डकैती का वांटेड टहलू पासवान गिरफ्तार।
बिहार एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर में छापेमारी कर टहलू पासवान को पकड़ा।
आरोपित 2013 के लूट-डकैती और आर्म्स एक्ट मामले में वांछित।
संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर । 13 साल तक पुलिस की पकड़ से दूर रहा लूट-डकैती का वांटेड आरोपित आखिरकार एसटीएफ के शिकंजे में आ गया। बिहार एसटीएफ की विशेष टीम ने सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के कोल्हुआ निवासी राजकिशोर उर्फ टहलू पासवान को पुरानी मोतिहारी रोड इलाके में छापेमारी कर गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपित ने भागने की कोशिश भी की, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
2013 के केस में था वांटेड
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, राजकिशोर उर्फ टहलू पासवान सिवाईपट्टी थाना में वर्ष 2013 में दर्ज मामले में वांटेड था। उसके विरुद्ध लूटपाट, डकैती और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। केस दर्ज होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था।
जिला पुलिस से नहीं आया हाथ
करीब 13 वर्षों तक फरार रहने के कारण जिला पुलिस की टीम उसकी गिरफ्तारी नहीं कर सकी। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी की जिम्मेदारी एसटीएफ ने संभाली। विशेष टीम ने आरोपित के संबंध में सूचना जुटानी शुरू की। इनपुट मिलने के बाद पुरानी मोतिहारी रोड इलाके में उसकी मौजूदगी की जानकारी मिली।
छापेमारी में दबोचा
सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने इलाके में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपित ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस अब मोबाइल का काल डिटेल खंगाल रही है।
पुराने मामलों की खुलेगी कुंडली
गिरफ्तार आरोपित का पूर्व आपराधिक रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है। इसके लिए विभिन्न थानों से संपर्क किया गया है। पुलिस को यदि अन्य लंबित मामले मिलते हैं तो संबंधित मामलों में उसे रिमांड पर लेने की कवायद की जाएगी। एसटीएफ की कार्रवाई के बाद लंबे समय से फरार आरोपित की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
