मुजफ्फरपुर में दीपावली पर 22 अग्निकांड, करोड़ों का नुकसान और मवेशियों की मौत
दीपावली पर मुजफ्फरपुर में आतिशबाजी और असावधानी के कारण 22 जगहों पर आग लगी, जिससे करोड़ों की संपत्ति जलकर खाक ...और पढ़ें

मझौलिया में कबाड़ गोदाम में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया।
HighLights
दीपावली पर मुजफ्फरपुर में 22 आग की घटनाएं हुईं।
करोड़ों की संपत्ति नष्ट, दो मवेशियों की मौत हुई।
अग्निशमन विभाग ने रातभर आग बुझाने का काम किया।
गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Diwali Fire: दीपावली पर आतिशबाजी और थोड़ी सी असावधानी ने मुजफ्फरपुर जिले में भारी नुकसान पहुंचाया।
पटाखों की चिंगारी और दीप जलाने में लापरवाही के कारण जिले में छोटी-बड़ी कुल 22 जगहों पर अगलगी की घटनाएं हुईं।
इन घटनाओं में करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई, जबकि दो मवेशियों की जलकर मौत हो गई और दो घायल हो गए।
मोतीपुर में हुई घटना से पशुपालक परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा। अगलगी की लगातार घटनाओं के कारण अग्निशमन विभाग की टीम को पूरी रात मोर्चा संभालना पड़ा।
न्यायिक अधिकारी के आवास में आग
सिविल कोर्ट के समीप एक न्यायिक अधिकारी के आवास में भी आग लग गई। इसमें कुर्सी-टेबल, सोफा सहित अन्य सामग्री जल गई।
वहीं, गोला रोड में डीएन हाईस्कूल के समीप झाड़ू और नारियल की दुकान में सोमवार की अलसुबह करीब पांच बजे आग लग गई। इस घटना में गृहस्वामी सुमित कुमार झुलस गए।
दुकान से उठती लपटों और चिंगारियों ने आसपास के लोगों की चिंता बढ़ा दी। समीप में पटाखों का गोदाम होने के कारण बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बंद आभूषण दुकान में अगलगी
इससे पहले रविवार की शाम ब्रह्मपुरा थाना के समीप एक आभूषण दुकान में आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान सामान्य दिनों में बंद रहती है।
दीपावली के दिन दुकानदार ने दुकान खोलकर पूजा की और फिर घर चला गया। इसके बाद दुकान के सोफा में आग लग गई। आशंका जताई गई कि पूजा के दौरान जलाए गए दीप से आग लगी होगी।
कबाड़ गोदाम में चार घंटे मशक्कत
मझौलिया में विपिन के कबाड़ गोदाम में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। इसमें लाखों रुपये का कबाड़ जलकर राख हो गया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की पांच गाड़ियां लगाई गईं।
करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कबाड़ में मौजूद ज्वलनशील सामान के कारण लगातार चिंगारियां निकल रही थीं।
आग की चिंगारी आसपास के घरों तक पहुंचने की आशंका से स्थानीय लोग भी सतर्क रहे। लोगों ने अपने-अपने घरों की छतों पर पानी जमा कर रखा था, ताकि आग की चिंगारी से मकानों को नुकसान नहीं पहुंचे। इस दौरान आसपास के लोग पूरी रात दहशत में रहे।
रातभर आग बुझाने में जुटे कर्मी
दीपावली की रात जब शहर के अधिकांश लोग घरों में त्योहार मना रहे थे, तब अग्निशमन विभाग के कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे रहे।
मुजफ्फरपुर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी आरएन पांडेय अपनी टीम के साथ विभिन्न घटनास्थलों पर मोर्चा संभाले रहे। एक के बाद एक आग लगने की घटनाओं के कारण दमकल कर्मियों को पूरी रात दौड़ लगानी पड़ी।
उनकी तत्परता से कई जगहों पर आग को आसपास के घरों और प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोका जा सका। इन घटनाओं ने एक बार फिर दीपावली पर आतिशबाजी के साथ-साथ दीप जलाने में सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।