रोशनी के सागर में डूबा मुजफ्फरपुर, आतिशबाजी कर लोगों ने मनाईं खुशियां
लोगों ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी को और बढाया। इस मौके पर बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।
मुजफ्फरपुर (जेएनएन)। दीपों का त्योहार यानी दीपावली मुजफ्फरपुर में परंपरागत हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यूं तो इसकी तैयारी पिछले कई दिनों से चल रही थी, लेकिन बुधवार को जैसे ही शाम ढली, पूरा शहर रोशनी के आगोश में समा गया। लोगों ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी को और बढाया। इस मौके पर बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।
बुधवार की शाम को हर ओर धूम-धड़ाका वाला माहौल दिखा। शाम होने के साथ ही सबसे पहले लोगों ने मां लक्ष्मी और गणेश की पूजा की। इसके बाद प्रसाद वितरण के साथ ही आतिशबाजी का क्रम आरंभ हो गया। यह देर तक चला। यूं तो प्रशासन की ओर से इस बार आतिशबाजी के लिए शाम आठ बजे से रात के 10 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है, लेकिन लोगों के उत्साह के आगे ये चीजें पीछे छूटती दिख रहीं। शहर के ब्रह्मपुरा चौक स्थित मां लक्ष्मी मंदिर को भव्य सजाया गया है। यहां भी शाम से ही भक्तों के आने का क्रम शुरू हो गया था।