मुजफ्फरपुर के देवरिया में बेलगाम ट्रक ने दो सगे भाइयों को रौंदा, 14 वर्षीय किशोर की मौके पर मौत
Muzaffarpur Truck Accident: मुजफ्फरपुर के देवरिया में एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार दो नाबालिग भाइयों को रौंद दिया, ...और पढ़ें

दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने देवरिया-साहेबगंज मुख्य मार्ग को जाम कर हंगामा किया। जागरण
संवाद सहयोगी, पारू (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Truck Accident: जिले के देवरिया थाना क्षेत्र में शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार दो नाबालिग भाइयों को रौंद दिया।
हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने देवरिया-साहेबगंज मुख्य मार्ग को जाम कर हंगामा किया।
ननिहाल आए थे दोनों भाई
मृतक की पहचान सरैया थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव निवासी सुमन साह के पुत्र रौशन कुमार उर्फ गोलू कुमार (14) के रूप में हुई है।
वह अपने छोटे भाई रंजन (10) के साथ देवरिया स्थित ननिहाल आया था। शनिवार दोपहर करीब एक बजे दोनों भाई साइकिल से देवरिया चौक की ओर जा रहे थे।
ओवरटेक के दौरान हादसा
बताया जाता है कि होंडा एजेंसी के समीप अरेराज से पटना जा रही एक यात्री बस तेज आवाज में हार्न बजाते हुए आगे निकली। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने साइकिल सवार दोनों भाइयों को अपनी चपेट में ले लिया।
इसके बाद ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक अन्य ट्रक में भी टक्कर मार दी। हादसे में रौशन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रंजन गंभीर रूप से घायल हो गया।

सड़क जाम कर जताया आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। स्वजन के पहुंचने से पहले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की बात पर लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।
कुछ देर तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मृतक के नाना मानकी साह ने बताया कि दोनों भाई ननिहाल में ही रहते थे।
देवरिया पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।