दिल्ली का किराया ₹5000, यूपी के लिए ₹6000 में मिली बस; मुजफ्फरपुर में छठ के बाद परदेश लौटने वालों से वसूली
छठ महापर्व के बाद मुजफ्फरपुर से परदेश लौट रहे यात्रियों से निजी बसें मनमाना किराया वसूल रही हैं, जिससे उनकी जेब पर भारी बोझ पड़ रहा है।

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
छठ के बाद परदेश लौट रहे यात्रियों से मनमाना किराया।
मुजफ्फरपुर से दिल्ली बस का किराया ₹5000 तक वसूला जा रहा।
निजी बसों की मनमानी पर प्रशासन की सुस्ती।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। छठ महापर्व खत्म होने के बाद लोगों का रोजी-रोटी के जुगाड़ में परदेश जाना शुरू हो गया है। पर्व में घर आना पीड़ादायक तो था ही बसों से परदेश जाना भी आसान नहीं है।
बस का सफर महंगा व तकलीफदेह साबित हो रहा है। परदेश जाने का रास्ता निजी व पथ परिवहन निगम की बसे हैं। निजी बसों में किराये में मनमानी व भीड़ का सामना करना पड़ रहा है।
बैरिया बस स्टैंड, भगवानपुर चौक, सुधा डेयरी के पास दरभंगा मोड़ आदि जगहों से दिल्ली आदि के लिए बसों का तांता लगा है। मुजफ्फरपुर से रवाना होने वाली बसों में सीट से ज्यादा यात्री नजर आ रहे हैं।
अधिकतर बसें ओवरलोड चल रही हैं। दरभंगा मोड़ के पास दिल्ली के लिए बस में रवाना होने वाले जीरोमाइल चौक के सुरेश ठाकुर ने बताया कि सीट के लिए 4000 रुपये देने पड़े। पत्नी के साथ यूपी जा रहे मनोज साह ने कहा डबल स्लीपर में 6000 देकर सीट बुक की है।
सरकारी बस में ऑनलाइन बुकिंग से राहत
दिल्ली समेत अन्य राज्य के लिए बिहार राजपथ परिवहन निगम के अंडरटेकन बसों का परिचालन शुरू किया है। इनमें सफर के लिए ऑनलाइन बुकिंग होने से यात्रियों को राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक इन बसों में ऑनलाइन बुकिंग की संख्या अधिक है। यात्रियों की सुविधा के लिए निगम के अंडरटेकन 17 बसें प्रतिदिन दिल्ली जा रही हैं।
छठ से पूर्व इन बसों में मुजफ्फरपुर से जाने वालों की संख्या कम थी। पर्व खत्म होने के बाद इनमें यात्रियों की भीड़ देखी जा रही है। अंडरटेकर व सरकारी बसों का किराया तय किया है। अधिक किराया नहीं लिया जाए इसको लेकर निगम के अधिकारी मानीटरिंग व निरीक्षण भी कर रहे हैं।
पर्व को लेकर निजी बसों की संख्या में भी इजाफा
मुजफ्फरपुर से दिल्ली करीब 60 से 65 बसों का परिचालन प्रतिदिन हो रहा है। इनमें किराये को लेकर मनमानी की स्थिति है। यात्रियों की जरूरत को देखते हुए किराया तय किया जा रहा है।
स्लीपर का 4500 से 5000 वसूल रहे है। इसके बाद भी यात्री को स्लीपर नहीं मिल पा रहा है। आमदिनों में यह किराया 2000 से 2500 तक ही होता है।
विदित हो कि मुजफ्फरपुर से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व गुजरात में काम करते हैं। अकेले मुजफ्फरपुर जिले से हर साल छठ में 50 हजार से ज्यादा प्रवासी घर लौटते हैं। पर्व खत्म होने के बाद वापस परदेश जाते हैं।
किराये में मनमानी रोकने को अधिकारी सुस्त
निजी बसों में किराये में मनमानी रोकने को अधिकारी सुस्त हैं। प्रशासन की ओर से इन बसों में औचक निरीक्षण व जांच की कोई व्यवस्था नजर नहीं आती। अधिकतर इंटर स्टेट निजी बसों का परिचालन टूरिस्ट परमिट पर हो रहा है।
परिवहन विभाग ऐसी बसों के परमिट आदि की जांच की बात तो कर रहा, लेकिन कितने पर कार्रवाई हुई यह अधिकारी बताने की स्थिति में नहीं हैं।
कई राज्यों की सीमाओं को पार कर इंटर स्टेट बसों का परिचालन होता है। इन सीमाओं पर भी इन बसों की जांच की औपचारिकता पूरी की जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।