विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में डिग्री के लिए आ रहे फोन, तीन से पांच हजार रुपये दो तभी जल्दी मिलेगा प्रमाण पत्र!

Published: Wed, 14 Oct 2026 10:58 PM (IST)

BPSC TRE-4 आवेदन के लिए छात्रों को स्नातक मूल प्रमाण पत्र की आवश्यकता है, जिसका फायदा उठाकर बिचौलिए उनसे 3-5 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. BPSC TRE-4 आवेदकों को डिग्री के लिए फोन आ रहे।

  2. बिचौलिए 3-5 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।

  3. विश्वविद्यालय ऐसे ठगों पर FIR दर्ज करेगा।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बीपीएससी की ओर से टीआरई फोर की रिक्ति जारी होने के बाद लगातार छात्र-छात्राएं आवेदन कर रहे हैं। इसके लिए उन्हें स्नातक के मूल प्रमाण पत्र की आवश्यकता है।

इसी का फायदा उठाकर बिचौलिए छात्र-छात्राओं को फोन कर डिग्री जल्द से जल्द बनवाकर देने की पेशकश कर रहे हैं। विद्यार्थियों से तीन हजार से पांच हजार की डिमांड की जा रही है। इसको लेकर पिछले एक सप्ताह में कई छात्र-छात्राओं को फोन आया है।

इसकी शिकायत विश्वविद्यालय प्रशासन से की गई है। इसमें बताया गया है कि कालर खुद को विश्वविद्यालय कर्मी या उसके पहचान का बता रहा है। इसकी शिकायत विश्वविद्यालय के अधिकारियों से की गई है।

इस आधार पर विश्वविद्यालय ने अब ऐसे कालरों पर शिकंजा सकने की तैयारी कर ली है। छात्र-छात्राओं से मिली शिकायत के आधार पर मोबाइल नंबर की पहचान कराई जाएगी।

इसके बाद विश्वविद्यालय की ओर से ऐसे लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी है। प्राक्टर प्रो. बिपिन कुमार राय ने कहा कि छात्रों की शिकायत मिली है। इस आधार पर कुछ मोबाइल नंबर की पहचान हो रही है। ऐसे लोगों पर कार्रवाई होगी।

डिग्री के लिए हर दिन हो रही धक्कामुक्की

आवेदन के लिए पिछले कुछ दिनों से काफी संख्या में छात्र-छात्राएं डिग्री के लिए आवेदन कर रहे हैं। इस कारण डिग्री सेक्शन के बाहर विद्यार्थियों की काफी भीड़ उमड़ रही है।

छात्र-छात्राओं ने कहा कि आवेदन के बाद भी डिग्री नहीं मिल रही है। कोई तीन महीने से तो कोई चार से पांच महीने पूर्व आवेदन कर चुका है लेकिन अब तक न तो उसे डिग्री दी गई है और न ही इसे कालेज में भेजा गया है।

यह भी पढ़ें- मोतिहारी के सरकारी अस्पताल में आधा दर्जन सिविल सर्जन बदले, फिर भी नेत्र रोग विभाग की व्यवस्था चौंकाने वाली