विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर आ रही बस में 270 लीटर से अधिक शराब मिली, तीन गिरफ्तार

By Babul DeepEdited By: Ajit kumar
Published: Thu, 15 Oct 2026 03:35 PM (GMT+05:30)

मुजफ्फरपुर में सिलीगुड़ी से आ रही जय गुरुदेव बस से उत्पाद विभाग ने 270 लीटर से अधिक शराब जब्त की ...और पढ़ें

गिरफ्तार शराब धंधेबाज और जब्त बस के साथ उत्पाद विभाग की टीम। फोटो: उत्पाद

गिरफ्तार शराब धंधेबाज और जब्त बस के साथ उत्पाद विभाग की टीम। फोटो: उत्पाद

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर आ रही जय गुरुदेव बस से उत्पाद विभाग की टीम ने 270 लीटर से अधिक शराब जब्त की है।

बेनीबाद चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर बस को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें डिक्की से पश्चिम बंगाल निर्मित शराब बरामद हुई। मामले में बस चालक, उपचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सिलीगुड़ी से मुजफ्फरपुर आ रही जय गुरुदेव बस में शराब की खेप लाई जा रही है।

सूचना के आधार पर बेनीबाद चेकपोस्ट पर घेराबंदी की गई। बस के पहुंचते ही उसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बस की डिक्की से 270 लीटर से अधिक शराब मिली।

प्रारंभिक पूछताछ और जांच में चालक समेत अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने के बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान वैशाली जिले के बेलसर निवासी बस चालक नवीन कुमार, अहियापुर के बैरिया निवासी उपचालक लक्ष्मण सिंह और हथौड़ी थाना क्षेत्र के विशम्भरपट्टी निवासी संदीप सहनी के रूप में हुई है।

तीनों आरोपितों से पूछताछ

उत्पाद विभाग की टीम तीनों से पूछताछ कर रही है। इनके विरुद्ध अभियोग दर्ज कर जेल भेजने की कवायद की जा रही है। उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

हाल के दिनों में बस से शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के मामले सामने आए हैं। फकुली में वैशाली की एक महिला को बस से शराब ले जाते पकड़ा गया था। वह बस में सवार होकर बैग में शराब की बोतलें रखकर आपूर्ति करने जा रही थी।

बसों से तस्करी के मामले

इसके अलावा असम से हेरोइन लेकर आ रहे पांच तस्करों को एसटीएफ ने माधौल से गिरफ्तार किया था। ये सभी बस से सफर कर रहे थे। इन घटनाओं के बाद बसों से शराब और मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर जांच एजेंसियां सतर्क हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार के नालंदा में शराब लदी पिकअप का पीछा कर रही उत्पाद टीम पर फायरिंग, गोली लगने से सिपाही की मौत