विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में ब्राउन शुगर और पिस्टल के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार, नेपाल कनेक्शन की जांच

Published: Fri, 25 Sep 2026 08:56 PM (IST)

बिहार एसटीएफ और मुजफ्फरपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में कचहरी परिसर के पास से ब्राउन शुगर और पिस्टल के साथ ...और पढ़ें

हथियार और मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार पिता पुत्र को ले जाती पुलिस: जागरण

हथियार और मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार पिता पुत्र को ले जाती पुलिस: जागरण

HighLights

  1. पिता-पुत्र ब्राउन शुगर और देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार।

  2. 19.680 ग्राम ब्राउन शुगर और पांच कारतूस बरामद हुए।

  3. गिरफ्तार आरोपितों के नेपाल कनेक्शन की जांच जारी है।

संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Brown Sugar: बिहार एसटीएफ की विशेष टीम और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ के धंधे में शामिल पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।

दोनों को नगर थाना क्षेत्र में कचहरी परिसर के समीप कंबाइंड बिल्डिंग के पास से कार समेत पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 145 पुड़िया में 19.680 ग्राम ब्राउन शुगर, एक देसी पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए गए।

कार और दो मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपितों के पास से कार और दो मोबाइल भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान करजा नरहर सराय निवासी महेश राय और उसके पुत्र रंजन कुमार यादव के रूप में हुई है। मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बिहार एसटीएफ को सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र में कचहरी परिसर से सटे कंबाइंड बिल्डिंग के पास कुछ बदमाश अवैध हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं।

सूचना के आधार पर एसटीएफ और जिला पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान दोनों आरोपितों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में सामने आए नाम

सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने शुक्रवार को प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपित पिता-पुत्र हैं। पूछताछ में मादक पदार्थ के धंधे से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। इनके खिलाफ पुलिस की कार्रवाई चल रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रंजन कुमार यादव के विरुद्ध मुजफ्फरपुर जिले के करजा और जैतपुर थाने में अपहरण और शराब तस्करी से संबंधित दो मामले दर्ज हैं। पूछताछ में दोनों के मादक पदार्थ के धंधे में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

नेपाल कनेक्शन की जांच

पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों के तार नेपाल के तस्करों से जुड़े होने की बात सामने आई है। इस दिशा में भी जांच की जा रही है। जब्त दोनों मोबाइल के काल डिटेल की जांच की जा रही है।

काल डिटेल खंगालने के दौरान कई संदिग्ध नंबर सामने आए हैं। पुलिस इन नंबरों के आधार पर मादक पदार्थ के धंधे से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है। इस सिलसिले में कई स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में नकली शराब रैकेट का भंडाफोड़, 800 लीटर स्पिरिट जब्त, तस्कर गिरफ्तार