विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में नकली शराब रैकेट का भंडाफोड़, 800 लीटर स्पिरिट जब्त, तस्कर गिरफ्तार

By Babul DeepEdited By: Ajit kumar
Published: Fri, 25 Sep 2026 06:16 PM (IST)

उत्पाद विभाग ने मुजफ्फरपुर में नकली शराब बनाने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की। विभिन्न स्थानों से 800 लीटर स्पिरिट ...और पढ़ें

स्पिरिट और शराब के साथ गिरफ्तार धंधेबाजों के साथ उत्पाद विभाग की टीम। सौ. उत्पाद

स्पिरिट और शराब के साथ गिरफ्तार धंधेबाजों के साथ उत्पाद विभाग की टीम। सौ. उत्पाद


बाबुल दीप, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Liquor Seizure: उत्पाद विभाग की टीम ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर नकली शराब बनाने वाले समेत कई धंधेबाजों को गिरफ्तार किया।

इस दौरान नकली शराब बनाने के लिए दूसरे प्रदेश से मंगाई गई 800 लीटर स्पिरिट जब्त की गई। कार्रवाई कांटी के वीरपुर, सरैया के अबूचक और रामदयालु में की गई।

भूसा घर में छिपाई स्पिरिट

उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि कांटी थाना क्षेत्र के वीरपुर में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई।

सूचना मिली थी कि नकली शराब बनाने के लिए स्पिरिट की बड़ी खेप दूसरे प्रदेश से मंगाई गई है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार और सब इंस्पेक्टर अभिमन्यु सिंह के साथ टीम ने शत्रुघ्न महतो के घर छापेमारी की।

तलाशी के दौरान घर के पास बने भूसा घर से चार ड्रम में 800 लीटर स्पिरिट बरामद हुई। वहां पानी का जार भी रखा हुआ था। पूछताछ में पता चला कि शत्रुघ्न महतो नकली शराब बनाने के साथ स्पिरिट बेचने का भी धंधा करता था।

दूसरे राज्यों से मंगाता था खेप

उत्पाद विभाग के अनुसार आरोपित पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों से स्पिरिट की खेप मंगाता था। उसके विरुद्ध अभियोग दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में उत्पाद विभाग की टीम आगे की जांच कर रही है।

किराना दुकान से 35 कार्टन शराब

दूसरी कार्रवाई सरैया के अबूचक में की गई। यहां किराना दुकान की आड़ में शराब बिक्री किए जाने की सूचना पर छापेमारी की गई। टीम ने दुकानदार मो. मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उत्तर प्रदेश निर्मित शराब की करीब 35 कार्टन बरामद की गई। इसके अलावा 80 बोतल खुली शराब भी जब्त की गई।

बस से शराब लेकर पहुंची महिला

तीसरी कार्रवाई रामदयालु में की गई। यहां बस से पहुंची एक महिला को शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके पिठ्ठू बैग की तलाशी लेने पर 10 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पूछताछ में महिला की पहचान वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र के मिर्जानगर निवासी रूबी देवी के रूप में हुई। उत्पाद विभाग के अनुसार वह घर से शराब की खेप लेकर मुजफ्फरपुर पहुंची थी और यहां इसकी डिलीवरी करनी थी।

मोबाइल नंबर से खरीदार की तलाश

महिला ने शराब लेने वाले व्यक्ति का नाम नहीं बताया, बल्कि उसका मोबाइल नंबर दिया है। उत्पाद टीम अब मोबाइल नंबर के आधार पर शराब के खरीदार की तलाश कर रही है। उत्पाद इंस्पेक्टर के अनुसार महिला ने पहले भी बस समेत अन्य वाहनों से शराब की तस्करी करने की बात स्वीकार की है।

महिला के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड का पता लगाने के लिए पातेपुर थाना से संपर्क किया गया है। वहां से उसका पूर्व का रिकॉर्ड मांगा गया है।

मुखिया की बहू भी गिरफ्तार

उत्पाद इंस्पेक्टर ने बताया कि करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव दक्षिणी पंचायत के मुखिया सुरेश गुप्ता की बहू रानी कुमारी से पूछताछ में भी अहम जानकारी मिली है। उसके पति मनीष कुमार पर पहले से शराब से जुड़े मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल जा चुका है।

उत्पाद विभाग के अनुसार पति-पत्नी दोनों मिलकर शराब का धंधा कर रहे थे। गुरुवार को उत्पाद टीम ने मुखिया के घर छापेमारी कर करीब 13 लीटर शराब जब्त की थी और मौके से रानी कुमारी को गिरफ्तार किया गया था।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, कंटेनर में लोहे की चादर लगाकर की जा रही थी तस्करी