मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैंड से 28 किलो गांजा के साथ वैशाली का तस्कर गिरफ्तार
Bairia Bus Stand Ganja Seizure: मुजफ्फरपुर पुलिस ने बैरिया बस स्टैंड से 28.06 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतरजिला तस्कर ...और पढ़ें

गिरफ्तार आरोपित के पास से बरामद मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है।
HighLights
मुजफ्फरपुर पुलिस ने बैरिया बस स्टैंड से गांजा तस्कर को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपित के पास से 28.06 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
मोबाइल जांच से अंतरप्रांतीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का खुलासा होगा।
केशव कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Ganja Smuggler Arrest: उत्तर प्रदेश और नेपाल सीमा से सटे जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुजफ्फरपुर पुलिस को सफलता मिली है।
अहियापुर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बैरिया बस स्टैंड में छापेमारी कर 28.06 किलोग्राम गांजा के साथ एक अंतरजिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान वैशाली जिले के भगवानपुर निवासी मिथुन कुमार के रूप में हुई है।
बैग से बरामद हुआ गांजा
पुलिस ने आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। नगर एसडीपीओ टू के निर्देश पर गठित अहियापुर पुलिस की विशेष टीम को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले कुछ लोग बस से दूसरे राज्यों में जाने की तैयारी में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने बैरिया बस स्टैंड परिसर में घेराबंदी कर जांच शुरू की।
पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग और पैकेटों से 28.06 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
मोबाइल की जांच जारी
साइबर डीएसपी हिमांशु कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपित के पास से बरामद मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। पुलिस की तकनीकी सेल मोबाइल के काल रिकार्ड और वाट्सएप चैट की जांच कर रही है।
इससे गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे मुजफ्फरपुर समेत आसपास के किन इलाकों में पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार आरोपित के तार अंतरप्रांतीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। जांच के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
तस्करी नेटवर्क की जांच
फिलहाल, अहियापुर थाना में आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उसकी निशानदेही पर जिले में सक्रिय अन्य गांजा तस्करों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
