मुजफ्फरपुर में बन रहे ऑडिटोरियम की लागत बढ़कर हुई 60 करोड़, डीएम ने दिया नया अल्टीमेटम
Muzaffarpur Auditorium Construction Update: मुजफ्फरपुर में 2000 सीटों वाले ऑडिटोरियम की लागत 41 करोड़ से बढ़कर 60 करोड़ रुपये हो ...और पढ़ें

आडिटोरियम निर्माण कार्य का जायजा लेते जिलाधिकारी कुमार गौरव। पीआरडी
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Auditorium Construction Update: ब्रह्मपुरा स्थित दाउदपुर कोठी में निर्माणाधीन 2,000 दर्शकों की क्षमता वाले भव्य ऑडिटोरियम की लागत पिछले पांच वर्षों में करीब डेढ़ गुना बढ़ गई है।
वर्ष 2021 में जब इस परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिली थी, तब इसके निर्माण पर 41 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया था।
लेकिन भूमि चयन और निर्माण कार्य शुरू होने में हुई देरी के कारण अब इसकी लागत बढ़कर 60 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। भवन निर्माण विभाग ने बढ़ी हुई राशि का पुनरीक्षित प्रस्ताव स्वीकृति के लिए मुख्यालय को भेज दिया है।
31 मार्च 2027 का अल्टीमेटम
बुधवार को जिलाधिकारी (डीएम) कुमार गौरव ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति का गहन जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और संवेदक को हर हाल में 31 मार्च 2027 तक निर्माण कार्य पूरा करने का सख्त अल्टीमेटम दिया है।
गौरतलब है कि इससे पहले तत्कालीन डीएम सुब्रत कुमार सेन ने 15 अगस्त की डेडलाइन तय की थी, लेकिन समय पर काम पूरा न हो पाने के कारण वह समयसीमा फेल हो गई थी।
डीएम कुमार गौरव ने कहा कि अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित यह प्रेक्षागृह जिले की कला और संस्कृति को नई पहचान देगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा भवन
कला एवं संस्कृति विभाग की इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य दो मई, 2025 को शुरू हुआ था, जो कुल 3.12 एकड़ भूमि में फैला हुआ है।
कार्यपालक अभियंता ई. विनोद कुमार ने डीएम को बताया कि इस दो मंजिला और दीर्घ वृत्ताकार भवन का डिजाइन स्थानीय वास्तुकला को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
पूरी तरह वातानुकूलित (AC) इस प्रेक्षागृह की ऊंचाई 19.6 मीटर है और इसमें दो प्रवेश द्वार, दो निकास द्वार, दो वेटिंग हॉल तथा कुल नौ सीढ़ियों का प्रावधान किया गया है।
भवन में वीडियो स्क्रीन, अत्याधुनिक स्टेज लाइटिंग, साउंड सिस्टम, प्रोजेक्टर स्क्रीन, भूतल पर प्रदर्शनी क्षेत्र, रिसेप्शन, कंट्रोल रूम, उच्च क्षमता के सीसीटीवी कैमरे, पीछे पार्किंग और सामने खूबसूरत लैंडस्केपिंग की व्यवस्था रहेगी।
स्वीकृति मिलते ही लगेंगी कुर्सियां
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मेन ब्लॉक के स्टेप्स का संरचनात्मक कार्य तेजी से चल रहा है और अब तक करीब 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि मुख्यालय से बढ़ी हुई राशि की प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही ऑडिटोरियम के भीतर कुर्सियां लगाने, साउंड सिस्टम और अन्य आंतरिक साज-सज्जा के कार्यों के लिए ऑर्डर जारी कर दिया जाएगा।