मुजफ्फरपुर में एटीएम उखाड़ने पहुंचे बदमाशों ने पुलिस पर की थी फायरिंग, जवाब में थानाध्यक्ष ने चलाई गोली
मुजफ्फरपुर के गोबरसही डुमरी में एटीएम उखाड़ने आए बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में सदर थानाध्यक्ष ने ...और पढ़ें

थानाध्यक्ष ने आत्मरक्षा और बदमाशों को रोकने के लिए एक राउंड जवाबी फायरिंग की।
HighLights
बदमाशों ने एटीएम उखाड़ने के दौरान पुलिस पर फायरिंग की।
सदर थानाध्यक्ष ने आत्मरक्षा में एक राउंड जवाबी फायरिंग की।
बदमाश स्कार्पियो में सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाकर भागे।
आकाश कुमार, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur ATM Robbery Attempt: जिले के गोबरसही डुमरी इलाके में एटीएम उखाड़ने पहुंचे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी।
गिरफ्तारी से बचने के लिए बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं तो जवाब में सदर थानाध्यक्ष ने भी एक राउंड फायरिंग की। इसके बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस बदमाशों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। फरार आरोपितों की तलाश पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।
स्कार्पियो में लादने की कोशिश
सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद के स्वलिखित बयान पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें बताया गया है कि एटीएम उखाड़ने की सूचना पर पुलिस टीम रात करीब 1:28 बजे गोबरसही डुमरी इलाके में पहुंची थी।
वहां सफेद रंग की स्कार्पियो के पास तीन-चार बदमाश एटीएम मशीन को काटकर गाड़ी में लादने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस को देखते ही बदमाशों में अफरातफरी मच गई।
चेतावनी पर बदमाशों ने चलाई गोलियां
पुलिस टीम ने बदमाशों को रुकने और आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। इस पर बदमाशों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने आत्मरक्षा और बदमाशों को रोकने के लिए एक राउंड जवाबी फायरिंग की।
हालांकि, बदमाश पुलिस की पकड़ में नहीं आए। वे सफेद रंग की स्कार्पियो में सवार होकर तुर्की रोड की ओर तेजी से भाग निकले।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस की संयुक्त टीम दोनों ओर से हुई फायरिंग से जुड़े निशानों की जांच कर रही है।
इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फरार बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
घटना के तीन दिन बीतने के बाद भी बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस सफेद स्कार्पियो और उसमें सवार बदमाशों की तलाश में जुटी है।
एटीएम उखाड़ने की कोशिश और पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपितों तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।