विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में ठेकुआ खाने को लेकर विवाद के बाद 11 वर्षीय किशोर ने फंदे से लटककर दी जान

By Keshav KumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sat, 28 Nov 2026 07:01 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में ठेकुआ खाने को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद 11 वर्षीय अभिषेक ने फंदे से लटककर जान दे दी। इस हृदयविदारक घटना से परिवार और गांव में मातम पसर गया है।

ठेकुआ खाने को लेकर छोटे भाई से हुए विवाद के बाद फंदे से लटककर जान दे दी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

ठेकुआ खाने को लेकर छोटे भाई से हुए विवाद के बाद फंदे से लटककर जान दे दी। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

केशव कुमार, मुजफ्फरपुर। बच्चों की छोटी-छोटी बातों पर नाराजगी और फिर कुछ देर में हंसी-खुशी लौट आती है, उस उम्र में एक मामूली विवाद ने पूरे परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया।

ठेकुआ खाने को लेकर छोटे भाई से हुए विवाद के बाद 11 वर्षीय अभिषेक ने फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। जिस बच्चे की आवाज से घर में रौनक रहती थी, उसकी मौत से स्वजन बदहवास हैं।

ठेकुआ खाने पर हुआ था विवाद

घटना बोचहां थाना क्षेत्र के बलिया इंद्रजीत गांव की है। मृतक की पहचान दिनेश राय के 11 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।

मृतक की मां ममता देवी ने एसकेएमसीएच ओपी पुलिस को दिए बयान में बताया कि अभिषेक अपने छोटे भाई प्रशांत के साथ ठेकुआ खा रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच ठेकुआ खाने को लेकर विवाद हो गया। हालांकि, विवाद किस बात पर और किस हद तक बढ़ा, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

घर के पीछे फंदे से लटका मिला

मां के अनुसार, विवाद के कुछ देर बाद घर के पीछे अभिषेक के फंदे से लटके होने का शोर मचा। आवाज सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से उसे फंदे से नीचे उतारा गया। इसके बाद बिना देर किए उसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच ले जाया गया।

इमरजेंसी में डॉक्टर ने मृत घोषित किया

परिजन अभिषेक को लेकर एसकेएमसीएच की इमरजेंसी पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मामूली विवाद के बाद हुई इस घटना से गांव में भी मातम पसरा है।

मां के बयान पर पुलिस ने की कार्रवाई

एसकेएमसीएच ओपी के पीएसआई राहुल मंडल ने बताया कि मृतक की मां के बयान के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। बयान की प्रति आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित बोचहां थाना पुलिस को भेजी जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।