पहले चीनी और अब सरसों तेल के भाव में उछाल, 250 रुपये लीटर तक पहुंचा, अरहर दाल 160 के पार
Mustard Oil Price Hike Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर में सरसों तेल की कीमतें 250 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई हैं, जबकि अरहर दाल भी 160 रुपये प्रति किलोग्राम के पार चली गई है। इस मूल्य वृद्धि से आम उपभोक्ताओं का रसोई बजट बिगड़ रहा है।

लगातार बढ़ रहे दामों के कारण खरीदारी करते समय लोगों को पहले से अधिक खर्च करना पड़ रहा है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Arhar Dal Price Above 160: कभी चीनी के भाव में उछाल तो कभी खाद्य तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट बिगड़ता जा रहा है।
बाजार में सरसों तेल के विभिन्न ब्रांड 225 से 250 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं। इसके साथ ही अरहर दाल भी 160 रुपये प्रति किलोग्राम के पार चली गई है, जबकि कुछ समय पहले तक यह 125 रुपये किलो बिक रही थी।
ब्रांडवार दाम और रोजाना बढ़ोतरी
बाजार में इंजन ब्रांड सरसों तेल 250 रुपये लीटर, सलोनी 225 रुपये लीटर और हाथी मार्का 228 रुपये लीटर के भाव से बिक रहा है।
खुदरा कारोबारियों के अनुसार बीते दो महीनों से सरसों तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है और छठ के बाद लगभग रोजाना एक से दो रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी हो रही है। लगातार बढ़ रहे दामों के कारण खरीदारी करते समय लोगों को पहले से अधिक खर्च करना पड़ रहा है।
घरेलू बजट पर असर
तेल और दाल की महंगाई से लोगों को मासिक बजट संभालने में दिक्कत आ रही है, क्योंकि आमदनी में खास इजाफा नहीं हो रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि दीपावली और छठ के दौरान चीनी के दाम बढ़े थे और अब छठ के बाद सरसों तेल के भाव चढ़ रहे हैं।
एक के बाद एक जरूरी खाद्य सामग्री महंगी होने से कई लोग कम मात्रा में सामान खरीद रहे हैं और अन्य खर्चों में कटौती करने को मजबूर हैं।