सजावट का काम करने वाले युवक की चाकू गोदकर हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार
फोन कर घर से दोस्तों ने बुलाकर दिया घटना को अंजाम। एक रिटायर्ड एसआइ के घर के समीप अचेत हालत में मिला।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। सदर थाना क्षेत्र के बीबीगंज गोविंदपुरी में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उसकी पहचान महेंद्र पासवान के पुत्र प्रियांशु कुमार उर्फ रिशु के रूप में हुई है। वह गोविंदपुरी का रहने वाला था। वह शादी समारोह में सजावट का काम करता था। उसके पिता कैटरीन का काम करते हैं। मृतक के पिता के बयान पर दो नामजद समेत अन्य दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित सूरज कुमार और रामऔतार महतो उर्फ चुन्नू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थानेदार सुनील कुमार रजक ने बताया कि अन्य आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मोबाइल से मिलेगा ठोस साक्ष्य
मृतक का मोबाइल गायब है। थानेदार ने कहा कि उसे खोजा जा रहा है। उसके मिलने से कई ठोस साक्ष्य सामने आने की संभावना है। बताया गया कि 20 मार्च की शाम प्रियांशु अपने घर पर खाना खा रहा था। तभी आरोपितों ने उसे कॉल कर मिलने को बुलाया। उस समय उसके पिता घर पर नहीं थे। वह खाना खाकर निकल गया। उसके पिता घर पहुंचे और उसके बारे में पूछा तो पता लगा कि दोस्तों से मिलने गया है।
खून से लथपथ था पड़ा
लगभग नौ बजे रात को हल्ला सुनकर वे लोग दौड़े। किसी ने बताया कि प्रियांशु खून से लथपथ हालत में एक रिटायर्ड एसआइ के घर के समीप पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखा तो पाया कि उसके पेट और गर्दन पर चाकू मारा गया था। गमछा से बांधकर स्थानीय लोगों की मदद से जूरन छपरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रियांशु पूर्व में गया था जेल
थानेदार ने बताया कि मृतक प्रियांशु पूर्व में एक बार शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया था। उसे जेल भेजा गया था। आरोपितों के पिता की चाय नाश्ते की दुकान है। आपसी विवाद में ही हत्या की बात सामने आई है। पूर्व से इन सभी के बीच विवाद चल रहा था।