मुजफ्फरपुर में मुखिया पति को गोलियों से भूना, हत्या के बाद भड़का आक्रोश, तोड़फोड़ Muzaffarpur News
पांच नकाबपोश अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम। सदर थाना के फरदो पुल के समीप मंगलवार की सुबह हुई घटना। प्रारंभिक जांच में 10 गोली मारे जाने की बात सामने आई है।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले के सदर थाना अंतर्गत फरदो पुल के समीप मंगलवार की सुबह सुमेरा पंचायत की मुखिया अंगूरी खातून के पति मो आलीशान को अपराधियों ने गोलियो से भून डाला। उनकी मौत मौके पर ही हो गई। प्रारंभिक जांच में 10 गोली मारे जाने की बात सामने आई है। इस घटना के बाद लोगों का आक्रोश भड़क गया। आक्रोशितों ने आगजनी करते हुए एनएच-28 को जाम कर दिया। इस दौरान वाहनों में तोड़फोड़ भी की जा रही है। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। मगर, उग्र लोगों के सामने मूकदर्शक बनी हुई है।
बताया गया है कि बाइक से सुमेरा जा रहे मुखिया पति का पांच अपराधियों ने गोबरसही से पीछा किया। फरदो पुल के समीप घेरकर उनपर गोलियों की बौछार कर दी। मुखिया पति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। हालांकि, लोग पुलिस पर सुस्ती का आरोप लगा रहे। उनकी शिकायत है कि घटना के समय पुलिस की गश्ती महज आधा किलोमीटर पीछे थी।
वे सदर थानाध्यक्ष को हटाने की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद मुखिया पति के घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है।