शहर को अतिक्रमणमुक्त करने का नगर निगम ने लिया संकल्प, फिर चला बुलडोजर
लक्ष्मी चौक से लेकर ब्रह्मपुरा तक चला निगम का अभियान, हटाए दर्जनों अवैध दुकान व मकानें, अवैध कब्जा करने वालों से अभियान दल का नोक-झोंक।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। अतिक्रमणकारियों के व्यापक प्रभाव में रहने वाले मुजफ्फरपुर शहर को इससे निजात दिलाने का नगर निगम ने मानो संकल्प लिया है। इस दिशा में निगम प्रशासन काफी तत्पर है। स्थिति यह है कि कई दिनों से जारी अतिक्रमण हटाओं अभियान रूक नहीं रहा है। शहर के प्रमुख मार्गाे पर डेरा डाले ऐसे अतिक्रमणकारियों पर निगम प्रशासन काफी सख्त दिख रहा है। अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर निगम का अभियान सोमवार को भी जारी रहा।
नहीं पड़ रहा किसी प्रकार के विरोध का असर
अतिक्रमणकारियों के तमाम विरोध के बावजूद लक्ष्मी चौक से ब्रह्मपुरा तक अवैध दुकानों एवं मकानों पर निगम का बुलडोजर चला। इसमें शामिल अधिकारियों एवं कर्मियों को पहले दुकानदारों के विरोध का सामना करना पड़ा। लेकिन दल ने जब सख्ती दिखाई तो विरोध करने वाले पीछे हट गए। अभियान का नेतृत्व सिटी मैनेजर सह दंडाधिकारी ओम प्रकाश ने किया।
उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में अतिक्रमणकारियों को बख्सा नहीं जाएगा। यदि किसी ने भी अभियान को रोकने या बाधित करने का काम किया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन स्थानों से अतिक्रमण को हटाया गया वहां दोबारा अतिक्रमण किया तो न सिर्फ उनको जुर्माना भरना पड़ेगा, बल्कि जेल भी जानी पड़ेगी।