मुजफ्फरपुर को प्रदूषण से बचाने के लिए पांच करोड़ के उपकरण खरीदेगा नगर निगम
बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने निगम को उपलब्ध कराई है राशि। सुपर सकर रोड स्वीपिंग मशीन एवं वाटर स्प्रिंकलर की होगी खरीद। शहर को प्रदूषण मुक्त करने की कवायद बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना एवं नगर निगम ने संयुक्त रूप से की है।
मुजफ्फरपुर, जासं। देशभर के शीर्ष वायु प्रदूषित शहरों की सूची में स्मार्ट सिटी मुजफ्फरपुर शामिल है। हाल ही में जारी अंतरराष्ट्रीय सूची में शहर 32 वें स्थान पर है। इसे देखते हुए शहर को प्रदूषण मुक्त करने की कवायद बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना एवं नगर निगम ने संयुक्त रूप से की है। नेशनल क्लीन प्रोग्राम के तहत कार्ययोजना तैयार कर प्रदूषण के कारणों को दूर किया जाएगा। शहर की हवा को प्रदूषित करने में नाला उड़ाही कर निकाला गया कीचड़ एवं सड़क पर जमा कचरा शामिल है। इसलिए शहर की सफाई में आधुनिक यंत्रों का सहारा लिया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर निगम पांच करोड़ का उपकरण खरीदेगा। बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने निगम को यह राशि उपलब्ध करा दी है।
इस राशि से नाला उड़ाही के लिए सुपर सकर मशीन, सड़कों की सफाई के लिए दो रोड स्वीपिंग मशीन, धूल उडऩ से रोकने के लिए एक छोटी एवं एक बड़ी वाटर स्प्रिंकलर मशीन की खरीद की जाएगी। वाटर फाउंटेन का निर्माण भी किया जाएगा। नगर निगम बोर्ड की बैठक में इसके लिए स्वीकृति मिल चुकी है। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा है कि जल्द ही उपकरणों की खरीद कर ली जाएगी। शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए निगम ने इसी माह बिहार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना के साथ करार किया किया है। प्रौद्योगिकी संस्थान निगम को प्रदूषण नियंत्रण को तकनीकी सहायता प्रदान करेगा।