बूढ़ी गंडक पर चांदपरना घाट पुल निर्माण को लेकर आंदोलन होगा तेज : डॉ. रघुवंश
पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा है कि बूढ़ी गंडक नदी पर मीनापुर के चांदपरना घाट पर पुल निर्माण को लेकर गांधीवादी तरीके से संघर्षपूर्ण आंदोलन चलाया जाएगा।
मुजफ्फरपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा है कि बूढ़ी गंडक नदी पर मीनापुर के चांदपरना घाट पर पुल निर्माण को लेकर गांधीवादी तरीके से संघर्षपूर्ण आंदोलन चलाया जाएगा। यह पुल यहां के लोगों के लिए लाइफलाइन है। इससे पांच पंचायतों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क बढ़ेगा। पुल निर्माण की योजना बनाई गई, लेकिन इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। स्थानीय विधायक के नेतृत्व में इसके खिलाफ आंदोलन चलाया जा रहा है। वे पुल निर्माण को लेकर शनिवार को चांदपरना में राजद की ओर से धरना को संबोधित कर रहे थे। धरना सभा की अध्यक्षता राजद के प्रखंड के अध्यक्ष उमाशंकर सहनी ने की।
मीनापुर के विधायक राजीव कुमार उर्फ मुन्ना यादव ने कहा कि राज्य सरकार में जब तेजस्वी यादव पथ निर्माण मंत्री थे, तभी इस पुल निर्माण की स्वीकृति मिली थी। डीपीआर भी तैयार की गई। सरकार बदलते ही इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इसके अलावा हथियाबड़, शीतलपट्टी, तालिमपुर पुल व रामपुरहरि थाना भवन का निर्माण कार्य भी ठंडे बस्ते में है। धरना के माध्यम से इन सभी योजनाओं को शुरू करने का सरकार पर दबाव दिया गया है। अगर सरकार जन सरोकार की इन योजनाओं पर जल्द काम शुरू नहीं कराती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना में राजद जिलाध्यक्ष मिथिलेश यादव, सुरेश राय, रामचंद्र राय, रंधीर यादव, अहमद अंसारी, मुन्ना रजक, सच्चिदानंद कुशवाहा, शिवजी सहनी, रामानंद सहनी, जवाहर राम, राजगीर राम, लक्ष्मी देवी, शिवदुलारी देवी, रमेश यादव, विक्रांत यादव, मोइम अंसारी, हरीलाल राम, हैदर आजाद, राजाराम राय, रामानंदी राय, कपिलदेव राम, राजू सिंह, मिश्रीलाल यादव, मो.अनवर व वसीम अहमद आदि थे। पुल निर्माण को आंदोलन शुरू करनेवाले राजनंदन का अलग धरना पिछले दो साल से चांदपरना पुल के लिए आंदोलन चला रहे श्रमिक कल्याण संघ के अध्यक्ष राजनंदन सहनी भी समर्थकों के साथ धरनास्थल पर पहुंचे। वे समर्थकों के साथ अलग धरना पर बैठ गए। उनका कहना था कि उनके संघ की ओर से शुरू किए आंदोलन को हड़पने की कोशिश की जा रही है। बाद में विधायक राजीव कुमार यादव उर्फ मुन्ना यादव उन्हें समझाकर अपने धरना में शामिल करने ले गए।
पुल के लिए 115 करोड़ 51 लाख की डीपीआर तैयार
चांदपरना पुल के लिए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की ओर से 115 करोड़ 51 लाख की डीपीआर तैयार की गई है। इस पुल का संपर्क पथ उत्तर में झपहां-मीनापुर पथ में बहबल बाजार चौक व दक्षिण में मड़वन-कांटी-रघई पथ को जोड़ेगा। इससे इन क्षेत्रों के प्रखंड की दूरी में तीस किलोमीटर की कमी आएगी।