मुजफ्फरपुर की मोतीपुर चीनी मिल जल्द होगी चालू, महाराष्ट्र की कंपनी ने किया निरीक्षण
Motipur Sugar Mill Reopen Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर की तीन दशक से बंद मोतीपुर चीनी मिल को फिर से चालू करने की ...और पढ़ें

मोतीपुर चीनी मिल का निरीक्षण करती टीम। सौ: विभाग
HighLights
मोतीपुर चीनी मिल को तीन दशक बाद फिर से खोलने के प्रयास तेज।
महाराष्ट्र की स्पेक्ट्रम ग्लोबल प्रोजेक्ट्स ने परिसर का निरीक्षण किया।
किसानों को एकीकृत हरित विनिर्माण परिसर से नई उम्मीदें जगीं।
अमरेन्द्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। Motipur Sugar Mill Reopen Muzaffarpur: करीब तीन दशक से बंद पड़ी मुजफ्फरपुर की मोतीपुर चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की प्रशासनिक और विभागीय कवायद तेज हो गई है।
मिल के पुनरुद्धार के लिए महाराष्ट्र की कंपनी 'स्पेक्ट्रम ग्लोबल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' की टीम ने प्रस्तावित जमीन और मिल परिसर का जायजा लिया।
इससे पहले सीतामढ़ी की रीगा चीनी मिल का संचालन कर रही बेंगलुरु की 'निरानी शुगर्स लिमिटेड' की तकनीकी टीम भी यहां का निरीक्षण कर चुकी है। लगातार दो प्रमुख कंपनियों के दौरे से मिल के दोबारा चालू होने की उम्मीदें जग गई हैं।

ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स का प्रस्ताव
विभागीय अधिकारियों के अनुसार स्पेक्ट्रम ग्लोबल प्रोजेक्ट्स ने यहां चीनी उत्पादन के लिए एक एकीकृत और हरित विनिर्माण परिसर (ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स) स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है।
इस प्रस्तावित परियोजना की स्थापित क्षमता 5000 टीसीडी (टन्स ऑफ केन पर डे) होगी। इसके साथ ही 60 केएलपीडी क्षमता की डिस्टिलरी, 25 मेगावाट का सह-उत्पादन बिजली संयंत्र और पांच टीपीडी क्षमता का संपीड़ित बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र स्थापित करने की योजना शामिल है।
255 एकड़ से अधिक जमीन का नक्शा तैयार
चीनी मिल के पुनरुद्धार के लिए करीब 255.52 एकड़ जमीन चिह्नित कर उसका नक्शा तैयार कर लिया गया है। इसमें बरियारपुर में अलग-अलग भूखंडों के अलावा पचरुखी, सुंदरसराय, मोतीपुर और बखरा में स्थित जमीन शामिल है।

30 मार्च 1997 से बंद पड़ी इस मिल को चालू करने की मांग स्थानीय किसान लंबे समय से कर रहे हैं। मिल बंद होने से किसानों को गन्ना दूसरे जिलों में भेजना पड़ता है, जिससे परिवहन लागत बढ़ जाती है।
विभाग जल्द करेगा कंपनी का चयन
सहायक गन्ना निदेशक के अनुसार मिल के लिए जमीन चिह्नित की जा चुकी है और इच्छुक कंपनियों द्वारा लगातार तकनीकी निरीक्षण किया जा रहा है।
कंपनी के तकनीकी प्रमुख एस. सुंदरम और विभाग के सलाहकारों ने हालिया निरीक्षण पूरा किया है। विभागीय स्तर पर मूल्यांकन के बाद जल्द ही अंतिम कंपनी का चयन कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मोतीपुर चीनी मिल की जमीन की पैमाइश पूरी, 51 एकड़ पर अतिक्रमण, 215 एकड़ मिली खाली
