विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर में पान दुकानदार को गोली मारने का आरोपित गिरफ्तार, लड़की को बैठाने का किया था विरोध

Published: Mon, 05 Oct 2026 07:31 PM (IST)

मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में पान दुकानदार राजेश साह को गोली मारने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी राहुल कुमार ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मोतीपुर में पान दुकानदार राजेश साह को गोली मारकर घायल किया गया।

  2. पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ राहुल राय को गिरफ्तार किया।

  3. लड़की को वाहन में बैठाने का विरोध करने पर हुआ जानलेवा हमला।

संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर। Motipur Pan Shopkeeper Firing: मोतीपुर थाना क्षेत्र में पान दुकानदार राजेश साह को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान मोतीपुर इलाके के राहुल कुमार उर्फ राहुल राय के रूप में हुई है। ग्रामीण एसपी राजेश कुमार सिंह प्रभाकर ने प्रेस कांफ्रेंस में गिरफ्तारी की जानकारी दी।

लड़की को वाहन में बैठाने का विरोध

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई की रात जगदीशपुर कुशाही के जगजीवन चौक के समीप पान दुकानदार राजेश साह को गोली मारकर घायल किया गया था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच की थी। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य संकलित किए थे।

घायल राजेश साह के फर्दबयान के आधार पर मोतीपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर एसडीपीओ पश्चिमी वन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम मानवीय और तकनीकी बिंदुओं पर जांच करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी।

बदला लेने के लिए फायरिंग

पुलिस को मिली सूचना के आधार पर राहुल कुमार उर्फ राहुल राय को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और अनुसंधान में पता चला कि जगजीवन चौक पर एक लड़की को वाहन में बैठाने के प्रयास का राजेश साह ने विरोध किया था। इसको लेकर राहुल राय और उसके सहयोगी आरोपित राजेश साह से आक्रोशित हो गए थे।

पुलिस का कहना है कि बदला लेने की नीयत से राहुल राय अपने एक मित्र के साथ कार से रात में राजेश साह के घर पहुंचा। वहां आरोपितों ने फायरिंग की, जिसमें राजेश साह के बाएं कंधे में गोली लग गई और वह घायल हो गए।

अन्य आरोपितों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। साथ ही गिरफ्तार आरोपित राहुल कुमार उर्फ राहुल राय का पूर्व का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।

यह भी पढ़ें- पूर्वी चंपारण में अंतर जिला ठग गिरोह का भंडाफोड़, लोन के नाम पर करता था ठगी