यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 04, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुजफ्फरपुर के मुशहरी में इलाज के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, नर्सिंग होम में हंगामा
आरोप लगाया कि उस आशा ने कथित कमीशन के चक्कर में उस नर्सिंग होम में मंगलवार को भर्ती करा दिया ...और पढ़ें

मुशहरी (मुजफ्फरपुर), संस। मुशहरी थाना क्षेत्र के नरौली चौक से करीब पांच सौ मीटर पूरब स्थित नर्सिंग होम में इलाज के दौरान जच्चा बच्चा की मौत हो गई। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने उक्त नर्सिंग होम पर काफी हंगामा किया। इस संबंध में स्थानीय राज कुमार साह सहित अन्य लोगों ने बताया कि स्थानीय सुरेश साह की पत्नी आशा देवी करीब सात माह की गर्भवती थी। उसे कुछ शारीरिक परेशानी हुई तो घर वालों ने शहर के केजरीवाल अस्पताल में दिखाया। वहीं पर इस पंचायत की आशा से बात हुई।
आरोप लगाया कि उस आशा ने कथित कमीशन के चक्कर में उस नर्सिंग होम में मंगलवार को भर्ती करा दिया जहां अलसुबह मृत बच्चे ने जन्म लिया। उसके बाद महिला की स्थिति बिगडऩे लगी। तब नर्सिंग होम संचालक ने उसे शहर के एक चिकित्सक के यहां भेजा। जहां ले जाने के दौरान महिला की मौत रास्ते में हीं हो गई। शहर से शव आने के बाद नर्सिंग होम पर हंगामा हुआ। किसी तरह नवनिर्वाचित मुखिया पति सह किसान सलाहकार रौशन कुमार ने दोनों पक्षों को शांत कराया। मृतका का पोस्टमार्टम तक नहीं कराया गया। बताया जाता है कि डेढ़ से दो वर्ष से अवैध रूप से उस नर्सिंग होम का संचालन किया जा रहा है। नर्सिंग होम के प्रबंधक ने बताया कि नर्सिंग होम का निबंधन नहीं है। इस संबंध में थानाध्यक्ष शशिभूषण कुमार ने बताया कि इस मामले में कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
