हत्याओं से दहला बिहार: सीतामढ़ी में दंपती का डबल मर्डर, दरभंगा में मासूम को मारा
बिहार के साेमवार को हत्या की कर्इ घटनाएं सामने आईं। सीतामढ़ी में एक वृद्ध दंपती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। दरभंगा में एक बच्चे की हत्या की गई। और भी कई घटनाएं हुईं।
पटना [जेएनएन]। बिहार में सोमवार को मौत की सुबह हुई। जगह-जगह हत्या की कई घटनाएं सामने आईं। सीतामढ़ी में एक वृद्ध दंपती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उधर, दरभंगा में 10 साल के एक बच्चे की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया। जगह-जगह और भी कई घटनाएं हुईं। डालते हैं एक नजर।
सीतामढ़ी में दंपती का डबल मर्डर
सीतामढ़ी शहर के अस्पताल रोड स्थित लीची बगान मोहल्ले में एक वृद्ध दंपती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने विरोध करने पर घर के गार्ड को भी घायल कर दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
बताया जाता है कि लीची बागान मोहल्ले के भरत प्रसाद के घर रविवार की शाम पूजा का आयोजन हुआ था। इसके बाद सोमवार की सुबह घर का मेन गेट खुला देख कर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई । उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घर में भरत प्रसाद (70) व उनकी पत्नी मांडवी प्रसाद (66) की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी।
सदर डीएसपी कुमार वीर धीरेन्द्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना का कारण भूमि विवाद के रूप में सामने आया है। घर पर तैनात सुरक्षा गार्ड बेहोश है। उसके होश में आने पर और जानकारी मिल सकेगी।
विदित हो कि भरत प्रसाद और उनके भाई शत्रुघ्न प्रसाद के बीच संपत्ति का विवाद चल रहा था। बीते साल 14 अगस्त की रात शत्रुघ्न की पत्नी प्रो. अनिता जायसवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
दरभंगा में बालक की हत्या, शव बरामद
उधर दरभंगा जिले के केवटी थाने के केवटी पूर्वी टोले के कमला कांत मिश्र के 10 वर्षीय इकलौते बेटे गौरी शंकर की हत्या कर दी गई। उसका शव सोमवार को गांव स्थित तालाब से मिला। बच्चा रविवार दोपहर से लापता था।
गला रेतकर महिला की हत्या
बांका के कटोरिया स्थित महेश मादा के पास एक अज्ञात महिला की लाश मिली। पुलिस ने बताया कि महिला की गला रेतकर हत्या की गई है।