राजद सुप्रीमो से मिलने के बाद बोलीं विधायक, 'लालू जी तो हमारे हीरो हैं'
बिहार की रुन्नीसैदपुर विधायक मंगीता देवी शनिवार को लालू प्रसाद यादव से मिलीं। उन्होंने राजद सुप्रीमो पर बड़ा बयान दिया और कहा कि वे हमारे हीरो हैं।
पटना [जेएनएन]। लालू प्रसाद यादव बिहार के गरीब-गुरबों के नेता हैं। उनके राजनीतिक विरोधियों ने साजिश करके उऩ्हें झूठे मुकदमे में फंसाया। लेकिन, हमलोग न्यायिक प्रक्रिया में यकीन रखते हैं। हमें आज न कल इंसाफ मिलेगा। यह कहना है बिहार के सीतामढ़ी स्थित रुन्नीसैदपुर की विधायक मंगीता देवी का। उन्होंने यह भी कहा कि लालू जी तो हमारे हीरो हैं।
दरअसल विधायक मंगीता देवी शनिवार को लालू प्रसाद यादव से मिलने के लिए रांची गई थीं। रिम्स में वे राजद सुप्रीमो से मिलीं और क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण पर बात कीं। मंगीता देवी बाहर निकलीं तो मीडिया ने उन्हें घेरा। इस पर उन्होंने कहा कि फिलहाल राजद सुप्रीमो बीमार हैं और बिहार के लाखों लोग उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं। हम उनके स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार में महागठबंधन की शानदार जीत होने वाली है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार झूठ के सहारे लोगों को बरगलाने का काम कर रही है, जिसे जनता इस खेल को अब समझ चुकी है। अब लोग उन्हें जवाब देने जा रहे हैं। इस चुनाव के बाद देश से भाजपा का सफाया हो जाएगा। जब बिहार में विधानसभा चुनाव होंगे, तब वहां महागठबंधन की सरकार बनेगी और लोग लालू यादव के सपनों को पूरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि अभी नीतीश कुमार पूरी तरह एक्सपोज हो चुके हैं। पलटीमार कह रहे हैं लोग उनको। उनके राज में बिहार में अपराध बढ़ा है और सृजन जैसा घोटाला हुआ है। मुजफ्फरपुर बालिका गृह जैसा कांड उनकी सरकार की ही देन है। यह सब जनता जानती है और समय आने पवर उन्हे जवाब देगी। बता दें कि आज ही रामा सिंह व प्रभुनाथ यादव ने भी लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की।