विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 09, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Cabinet Expansion 2021: मोत‍िहारी से प्रमोद कुमार को मंत्रालय में म‍िली जगह, जान‍िए उनका राजनीत‍िक सफर

By Murari KumarEdited By:
Published: Tue, 09 Feb 2021 01:12 PM (IST)Updated: Tue, 09 Feb 2021 03:59 PM (IST)

Bihar Cabinet Expansion 2021 मोत‍िहारी के व‍िधायक प्रमोद कुमार आज मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्‍होंने अपना राजनीतिक व सामाजिक ...और पढ़ें

मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार की फाइल फोटो।
मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार की फाइल फोटो।

पूर्वी चंपारण, जागरण संवाददाता। Bihar Cabinet Expansion 2021: नीतीश पार्ट-3 सरकार में मंत्री पद हासिल करने वाले जिले के एकमात्र विधायक प्रमोद कुमार ने अपना राजनीतिक व सामाजिक सफर आरएसएस के एक स्वयंसेवक के रूप में शुरू किया था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में बाल स्वयंसेवक  प्रमोद कुमार ने छात्र जीवन में विद्यार्थी परिषद की भी विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और फिर बाद में भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय हो गए। भाजपा में जिला महामंत्री, जिला उपाध्यक्ष, जिलाध्यक्ष भी बने। प्रमोद कुमार 2005 के फरवरी में पहली बार मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़़कर नहीं देखा। वे इसके बाद से लगातार जीतते रहे।

 नीतीश सरकार के पिछले कार्यकाल में प्रमोद कुमार पर्यटन मंत्री और फिर बाद में खेल, कला संस्कृति व युवा विभाग के मंत्री भी रहे। प्रमोद कुमार के पिताजी स्वर्गीय योगेंद्र प्रसाद भी छात्र जीवन में जयप्रकाश नारायण के संपूर्ण क्रांति से जुड़े रहे। इस दौरान वे जेल भी गए थे। 59 वर्षीय प्रमोद कुमार ने स्नातक विधि शास्त्र की डिग्री भी हासिल की है। वे यहां अधिवक्ता भी रहे हैं। प्रमोद कुमार संघर्षशील, सहज और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति माने जाते हैं। यही कारण है कि तमाम अंतर्विरोध के बाद भी प्रमोद कुमार मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र से लगातार चुनाव जीते रहते हैं।

 श्री कुमार पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री सह स्थानीय सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह के निकट बताए जाते हैं। प्रमोद कुमार के मंत्री बनने से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है। प्रमोद कुमार अति पिछड़ा वर्ग में कानू समाज की हलवाई उपजाति से आते हैं।प्रमोद कुमार के संयुक्त परिवार में पत्नी सुषमा देवी उर्फ रीता देवी, एक पुत्र और तीन पुत्री है। श्री कुमार के मंत्री बनने पर पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि इससे मोतिहारी में विकास की योजनाओं को गति देने में सहूलियत होगी और इसके विकास में राज्य सरकार की भी भरपूर सहभागिता रहेगी।

 उनको बधाई देने वालों में विधायक सुनीलमणि तिवारी, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कुमार सिंह, विधान पार्षद राजेश कुमार गुप्ता उर्फ बबलू गुप्ता,जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना, जिला महामंत्री डॉ लालबाबू प्रसाद, मार्तण्ड नारायण सिंह, विवेकानंद पांडेय, मीडिया प्रभारी गुलरेज शाहजाद आदि शामिल हैं।