विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नए विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ ही BEU से समाप्त होगी मुजफ्फरपुर MIT की संबद्धता

Published: Mon, 19 Oct 2026 05:44 PM (IST)

MIT Muzaffarpur Affiliation BEU: मुजफ्फरपुर में 'शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं असैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय' की स्थापना के साथ ही एमआईटी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। MIT Muzaffarpur Affiliation BEU: बिहार में वास्तुकला (Architecture) और असैनिक अभियंत्रण (Civil Engineering) की शिक्षा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है।

मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी (MIT) परिसर में स्थापित होने वाले 'शहीद जुब्बा सहनी वास्तुकला एवं असैनिक अभियंत्रण विश्वविद्यालय' के अस्तित्व में आते ही एमआईटी की बिहार इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय (BEU) से संबद्धता समाप्त हो जाएगी।

राज्य सरकार ने इस संबंध में गजट अधिसूचित कर संस्थान को आधिकारिक जानकारी भेज दी है। अब प्रदेश के सभी आर्किटेक्चर और सिविल इंजीनियरिंग से जुड़े संस्थानों की संबद्धता इसी नए विश्वविद्यालय से होगी।

एमआईटी में होगी वास्तुकला की पढ़ाई

नए विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ ही एमआईटी मुजफ्फरपुर में वास्तुकला (Architecture) विषय की पढ़ाई शुरू कराने की योजना पर काम शुरू हो गया है।

संस्थान स्तर पर इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक और अकादमिक प्रक्रियाएं जल्द प्रारंभ की जाएंगी। यह नया विश्वविद्यालय केवल डिग्री देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अभियंताओं, वास्तुकारों और उद्योग जगत के पेशेवरों के लिए कौशल उन्नयन (Skill Upgradation), सतत शिक्षा और व्यावसायिक विकास के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में कार्य करेगा।

स्मार्ट सिटी और नदी प्रबंधन में अहम भूमिका

विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य टिकाऊ बुनियादी ढांचा (Sustainable Infrastructure), स्मार्ट सिटी परियोजनाएं, नदी प्रबंधन, परिवहन प्रणाली, जलवायु अनुकूलन और आपदा प्रबंधन जैसे राष्ट्रीय व राज्यस्तरीय क्षेत्रों में उन्नत अनुसंधान करना है।

यह संस्थान सिविल और आर्किटेक्चर के क्षेत्र में नवाचार (Innovation) और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेगा।

छात्रावास संख्या सात के सामने जमीन चिह्नित

विश्वविद्यालय परिसर के निर्माण के लिए एमआईटी परिसर में ही जमीन चिन्हित कर ली गई है। संस्थान के हॉस्टल नंबर सात के सामने उपलब्ध खाली भूमि पर नया प्रशासनिक और शैक्षणिक ब्लॉक बनेगा।

सुचारू संचालन के लिए कुलपति, कुलसचिव, डीन और वित्त पदाधिकारी समेत कुल 34 प्रशासनिक एवं तकनीकी पदों का सृजन भी कर दिया गया है। एमआईटी के प्राचार्य डॉ. एमके झा ने बताया कि जमीन का चयन हो चुका है और आगे की प्रशासनिक प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर एमआइटी हॉस्टल में छात्रों की भिड़ंत, नशे में हंगामा करने पर मारपीट, FIR दर्ज