मुजफ्फरपुर: अहियापुर में पांच साल की मासूम के साथ दुष्कर्म, रिश्ते के मामा ने बनाया हवस का शिकार
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में एक पांच साल की मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है। मासूम को हवस का शिकार बनानेवाला रिश्ते का मामा है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जिले में लड़कियाें से दुराचार की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। प्रशासन और पुलिस तंत्र चाह कर भी इस पर लगाम नहीं लगा पा रहा है। इसका परिणाम है कि बच्चियां घर में भी असुरक्षित हैं। ताजा मामला अहियापुर थाना क्षेत्र का है। यहां एक पांच साल की बच्ची के साथ रिश्ते के मामा ने दुष्कर्म किया। बता दें कि गत सात दिसंबर को भी थाना क्षेत्र में एक युवती को दुष्कर्म का विरोध करने पर युवक ने जिंदा जला दिया था।
यह है मामला
बताया जाता है कि अहियापुर थानाक्षेत्र में गुरुवार की शाम एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ उसी के रिश्ते के मामा ने दुष्कर्म किया। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीडि़त बच्ची को चिंताजनक स्थिति में श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यहां उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।
इस बीच पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वजनों की निशानदेही पर आरोपित शेखपुर के मो. आजाद को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच चल रही है।
अकेली पाकर दिया घटना को अंजाम
बताया गया है कि गुरुवार को पीडि़त बच्ची की मां काम करने के लिए घर से बाहर गई थी। इसी बीच आरोपित (रिश्ते के मामा) मो. आजाद ने बच्ची को अकेली पाने के बाद उसे अपने झांसे में लिया। घर से दूर झोपड़ी में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। जख्मी होने के बाद बच्ची ने शोर मचाना शुरू किया। सूचना पर बच्ची की मां मौके पर पहुंची। उसे स्थानीय लोगों की सहयोग से इलाज के लिए एसकेएमसीएच लेकर पहुंची। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। नगर एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
इस घटना के संबंध में मुजफ्फरपुर नगर पुलिस अधीक्षक पीके मंडल ने कहा कि 'घटना के एकमात्र आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बच्ची का इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है।'