बंगाल चुनाव पर बोले गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, दो तिहाई बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार
समस्तीपुर में नित्यानंद बोले- बिहार चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद अब बंगाल चुनाव में भी भारी बहुमत से भाजपा की जीत होगी। वहां दो तिहाई बहुमत से सरकार बनेगी। क्योंकि पश्चिम बंगाल में विकास व विधि व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।
समस्तीपुर, जासं। बिहार चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद अब बंगाल चुनाव में भी भारी बहुमत से भाजपा की जीत होगी। वहां दो तिहाई बहुमत से सरकार बनेगी। क्योंकि पश्चिम बंगाल (West Bangal) में विकास व विधि व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। भाजपा (BJP) कार्यकर्ताओं पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। आम जनता भी टीएमसी (TMC) कार्यकर्ता के हिंसात्मक हमले और उपद्रव से त्रस्त हैं। उक्त बातें गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय (Nityanand Rai) ने कही। कहा कि देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था है। वे गुरुवार को भाजपा नेता मनोज गुप्ता के आवासीय परिसर में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि विकास के भगीरथ पीएम नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) के विकास की गंगा जन-जन तक पहुंच रही है और पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी अवरुद्ध बनकर खड़ी है। लेकिन आने वाले चुनाव में बीजेपी की सरकार वहां बनेगी और विकास की गंगा पश्चिम बंगाल के गांव-गांव तक पहुंचेगी। प्रदेश में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से संबंधित सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले के पंद्रह साल तक आरजेडी की सरकार रही है। उसमें जो अपराध की घटना होती थी तो उसमें अपराधियों को संरक्षण मिलता था।
अब मुख्यमंत्री नीतीश के नेतृत्व वाली सरकार में लॉ एंड आर्डर ही प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। अपराधियों पर कार्रवाई की जा रही है। इसमें एनडीए की सरकार संवेदनशील है। कोरोना महामारी से लोगों को सुरक्षित बचाने के लिए पीएम नरेन्द्र मोदी ने संकल्प के साथ कार्य किया है। भारत में कोविड वैक्सिन बनाकर वैज्ञानिकों को भारी सफलता हासिल हुई है। यह देश की बहुत बड़ी उपलब्धि है। भारतीयों के लिए गर्व की बात है। केंद्र सरकार के नए कृषि बिल पर केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कृषि कानून किसानों के हित में है।
किसान अब अपने उत्पाद को दुनिया के किसी मार्केट में बेच सकते हैं। किसानों को ऑनलाइन आर्डर मिल रहा है। किसान अपने उत्पाद को बेच रहे हैं। यह कानून किसानों के लिए उपयोगी है। इस पर जो भी भ्रम फैलाया जा रहा है, वह विरोधियों की साजिश है। मौके पर राज्य सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री रामप्रीत पासवान, रोसड़ा विधायक बिरेंद्र कुमार, पूर्व विधायक प्रो. शील राय, रामबालक पासवान, नीलम देवी आदि मौजूद रही। भाजपा नेता मनोज कुमार गुप्ता ने सभी को मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग चादर और माला देकर सम्मानित किया।