दहेज में बाइक और सोने की चेन न देने पर विवाहिता को बनाया बंधक, जानिए फिर क्या हुआ Muzaffarpur News
घटना मुजफ्फरपुर के मोतीपुर थाना क्षेत्र की है। शादी कें बाद ससुराल वाले दहेज में बाइक एंव सोने की चेन की खातिर विवाहिता उषा देवी को प्रताडि़त करने लगे।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। मोतीपुर थाना क्षेत्र के महवल गांव में दहेजलोभी ससुराल वालों द्वारा मारपीट कर एक विवाहिता को घर में बंधक बनाकर रखा गया। मायके वालों की लिखित शिकायत पर पुलिस ने विवाहिता को मुक्त करा दिया। इस बाबत पीडि़ता के पिता शिवनाथ महतो ने पति राजकुमार महतो सहित छह लोगों के खिलाफ थाना में लिखित शिकायत की है।
थाने में सौंपे आवेदन में कहा कि कथैया थाना के जसौली निवासी शिवनाथ महतो ने छह माह पूर्व महवल निवासी कमल महतो के पुत्र राजकुमार महतो के साथ अपनी पुत्री की शादी की थी। शादी कें बाद ससुराल वाले दहेज में बाइक एंव सोने की चेन की खातिर विवाहिता उषा देवी को प्रताडि़त करने लगे। दो दिनों से उसे घर में ही बंधक बनाकर रखा गया था।
जब पिता मिलने पुत्री के ससुराल पहुंचे तो उनके साथ दामाद राजकुमार महतो ने गाली-गलौज की। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंच कर लिखित शिकायत की। तब पुलिस ने विवाहिता को ससुराल वालों के चंगुल से मुक्त कराया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि मामले में पति के अलावा ससुर, सास पनवा देवी, लाल मोहन महतो, रेणु कुमारी सहित अन्य को आरोपित हैं।