कल दरभंगा में जुटेंगे भाजपा के कई दिग्गज, किसान मोर्चा के माध्यम से नए समीकरण की तैयारी
Darbhanga news केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह नित्यानंद राय पूर्व मंत्री राधामोहन सिंह सहित बिहार सरकार के कई मंत्री किसानों में भरेंगे जोश 11 व 12 सितंबर को प्रस्तावित भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की सफलता में जुटे कार्यकर्ता।
दरभंगा, जासं। एक लंबी अवधी के बाद दरभंगा में भाजपा के किसान मोर्चा की इतनी बड़ी बैठक आहुत की जा रही है। बैठक की महत्ता को इसी बात से समझा जा सकता है कि इसमें पार्टी के कई केंद्री मंत्रियों के साथ-साथ राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक भी भाग लेने आ रहे हैं। पार्टी के इन दिग्गज नेताओं के आगमन की सूचना से ही कार्यकर्ता उत्साहित हैं। लनामिविवि परिसर में प्रस्तावित सम्मेलन स्थल को पार्टी के झंडे और बेनरों से पाट दिया गया है। भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तैयारी अंतिम चरण में पहुंचने ही वाली थी। सम्मेलन के विभिन्न आयामों के अंतिम टच दिया जा रहा था। 11 और 12 सितंबर को प्रस्तावित कार्यक्रम की सफलता को लेकर कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। विश्वविद्यालय परिसर सहित पूरे शहर में जगह-जगह होर्डिग, झंडा व त्वरण द्वार लगाए गए हैं।
दो दिवसीय कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंंह, नित्यानंद राय, पूर्व मंत्री राधामोहन सिंह सहित बिहार सरकार के कई मंत्री भाग लेंगे। इसे देखते हुए पार्टी के कार्यकर्ता तैयारी में जुटे हैं। गुरूवार को एमएलसी सह आपदा प्रबंधन पुनर्वास समिति के संयोजक अर्जुन सहनी ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। पार्टी के कार्यकर्ताओं को उन्होंने तैयारी को लेकर कई सुझाव भी दिया। जिलाध्यक्ष जीवछ सहनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में एमएलसी सहनी ने कई कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जवाबदेही दी। कोरोना को देखते हुए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। अतिथियों और प्रतिनिधियों के ठहराव स्थल को लगातार सेनिटाइज करने की बात कही। जिलाध्यक्ष सहनी ने कहा अतिथियों को किसी प्रकार की कठनाई नहीं हो इसे लेकर कार्यकर्ताओं को विशेष दायित्व दिया गया है। मौके पर प्रदेश मंत्री धर्मशीला गुप्ता, जिलामंत्री ज्योति कृष्ण झा लवली, जिला महामंत्री सुजीत मल्लिक, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष मणिकांत झा, मीना झा, आदित्य नारायन मन्ना, मीना प्रसाद, संतोष पौद्दार, लक्ष्मण कंसकार, ब्रह्मानंद यादव, मीना झा, लक्ष्मी साह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।