विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

RSS के पूर्व सह सरकार्यवाह डॉ.मनमोहन वैद्य मुजफ्फरपुर पहुंचे, युवाओं से कहा राष्ट्र निर्माण में निभाएं अहम भूमिका

Published: Sat, 10 Oct 2026 09:48 PM (IST)

RSS Bihar Update: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के डॉ. मनमोहन वैद्य ने मुजफ्फरपुर में युवाओं से राष्ट्र को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य।

HighLights

  1. युवा राष्ट्र को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने में सक्रिय हों।

  2. भारत का गौरवशाली इतिहास और समृद्ध परंपरा हमारी ताकत है।

  3. पेशेवर अपनी विशेषज्ञता से राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।

अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। Manmohan Vaidya Muzaffarpur: राष्ट्र को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय पहल करने की जरूरत है। इनमें युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

ये बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व सह सरकार्यवाह डॉ. मनमोहन वैद्य ने मुजफ्फरपुर के मधुकर निकेतन स्थित संघ कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा कि भारत का गौरवशाली इतिहास और समृद्ध परंपरा हमारी सबसे बड़ी ताकत है, जिस पर प्रत्येक भारतीय को गर्व होना चाहिए।

युवा पेशेवरों के साथ संवाद

डॉ. वैद्य ने कार्यक्रम के दौरान युवा चिकित्सकों, अभियंताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों और उद्यमियों के साथ राष्ट्र निर्माण, वर्तमान परिदृश्य और हमारी भूमिका विषय पर अपने विचार साझा किए।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि 'भारत' और 'इंडिया' को अलग-अलग नजरिए से देखने के बजाय देश को एक सफल और विकसित राष्ट्र बनाने पर पूरा ध्यान देना चाहिए। इसके लिए युवाओं को अपनी विशेषज्ञता, कार्यक्षमता और नवाचार का उपयोग राष्ट्रहित में करना चाहिए।

आत्मनिर्भरता और युवाओं की भागीदारी

आत्मनिर्भरता को राष्ट्र की क्षमता और सामर्थ्य से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि देश को हर क्षेत्र में मजबूत बनाने के लिए दूसरों पर निर्भरता कम करनी होगी।

राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की अहम भागीदारी होती है। उन्होंने युवाओं और प्रबुद्धजनों से आह्वान किया कि वे अपने पेशे को केवल आजीविका का साधन न समझें, बल्कि उसके माध्यम से समाज और देश के विकास में अपना योगदान सुनिश्चित करें। इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रांत प्रचारक रविशंकर सिंह विशेन सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- RSS प्रमुख मोहन भागवत का बिहार दौरा 13 दिसंबर को, मुजफ्फरपुर में समागम को करेंगे संबोधित