प्रदेश स्तर पर होगी मंडल अध्यक्षों की घोषणा : डॉ. संजय
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि मंडल अध्यक्षों की घोषणा प्रदेश कार्यालय से होगी।
मुजफ्फरपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा है कि मंडल अध्यक्षों की घोषणा प्रदेश कार्यालय से होगी। इससे पहले सभी बूथ अध्यक्षों का चुनाव हो जाए। बूथ कमेटी सक्रिय लोगों की बने। संगठन चुनाव पर साफ किया कि चाहे वह बूथ का चुनाव हो, शक्ति केंद्र, मंडल या जिला का इसमें समाज के सभी वर्गो की सहभागिता ईमानदारी से हो। सदस्यता को लेकर उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर की सदस्यता सभी जिलों से हर बार बेहतर होती है। इस बार टारगेट से थोड़ा पीछे है। इस स्थिति में प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता जल्द से जल्द पूरा करें।
वे मोतीपुर प्रखंड के पचरूखी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनकर पटना लौटने के क्रम में सदातपुर स्थित एक होटल के सभागार में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत फूल माला बुके और शॉल से भाजपा नेताओं ने किया। स्वागत समारोह पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
समारोह का संचालन जिलाध्यक्ष रामसूरत राय एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष हरिमोहन चौधरी ने किया। मौके पर कुढ़नी विधायक केदार गुप्ता, बोचहां विधायक बेबी कुमारी, अजय कुशवाहा, डॉ. अशोक शर्मा, अशोक सहनी, सुनीता सहनी, जिला महामंत्री मनोज तिवारी, अरविंद सिंह, मुकेश चंद्रवंशी, जिला उपाध्यक्ष चंदा देवी, राजेश रौशन, जिला मंत्री आदर्श कुमार, राकेश यादव, हरिकिशोर बैठा, निर्मला साहू, कोषाध्यक्ष रमेश केजरीवाल, अजीत कुमार, जिला मीडिया प्रभारी प्रभात कुमार, मंडल अध्यक्ष प्रणव भूषण, सुरेश चौधरी, अजय चौधरी, मनोज सिंह, अमरेश कुमार विपुल, राजेश कुमार पिन्टू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।