सोयाबीन फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आने से मजदूर की मौत
फैक्ट्री में रात को मशीन पर कर रहा था काम। मौत की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने किया हंगामा।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बेला औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2 में एक सोयाबीन फैक्ट्री में मशीन की चपेट में आने से सोमवार की देर रात एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक बेला गांव निवासी ओम प्रकाश था। वह रात में वहां मशीन पर काम कर रहा था। इसी दौरान उसका हाथ मशीन के अंदर जा घुसा। घटना के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य मजदूर भय से भाग गए।
मंगलवार की सुबह जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने वहां हंगामा किया। सूचना पर पहुंची बेला थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक ओम प्रकाश घर का खर्च चलाता था। एक महीना पहले ही वह फैक्ट्री में काम करना शुरू किया था। वहीं फैक्ट्री संचालक ने मृतक के परिजन को मुआवजा देने की बात कही है।
मृतक के पिता ने बताया कि रात को काम करने के लिए फैक्ट्री में गया था। इस दौरान मशीन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। रात को किसी ने फोन तक नहीं किया। सुबह साढ़े पांच बजे फैक्ट्री संचालक ने बेटे के मौत की सूचना दी। आरोप लगाया कि इसके पहले शव गायब करने का भी प्रयास किया गया। गांव वालों को जुटते देख सभी भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने के बाद थोड़ी देर के लिए हो-हंगामा भी हुआ। पुलिस के आने के बाद सभी शांत हो गए।