यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 27, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
वीआइपी प्रमुख ने बिना नाम लिए पूर्व सहयोगी दल पर साधा निशाना, कहा- कुछ लोगों के कारण संविधान खतरे में
Kudhni Assembly By-election 2022 विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार के ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर, {अमरेंद्र तिवारी} । पूर्व मंत्री और विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने कुढ़नी विधान सभा उप चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने तुर्की, मोहनपुर चौक, निषाद टोला, मधुबन चौक इलाके में अपने पक्ष में मतदान की अपील की। इससे पहले तुर्की में संविधान दिवस के अवसर पर बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्होंने श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आंबेडकर के संघर्ष के रास्ते पर वीआइपी चल रही है। बाबा साहेब ने हक और अधिकार के लिए लोगों से संघर्ष करने का आह्वान किया था। आज वीआइपी भी सर्व समाज के हक और अधिकार के लिए संघर्ष कर रही है।
हमलोग लगातार संघर्ष करते रहेंगे
पूर्व मंत्री ने कहा कि आज कुछ लोगों के कारण बाबा साहेब का संविधान खतरे में है। संविधान के विपरीत काम किया जा रहा है। चेतावनी दी कि जो ऐसा कर रहे हैं उन्हें राजनीतिक तौर पर समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में ऐसी ताकतें हावी हो गईं हैं जिनसे संविधान खतरे में है, लेकिन हमलोग जब तक जीवित हैं ऐसा नहीं होने देंगे। हम ऐसे लोगों के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। कहा कि वीआइपी के प्रति लोगों का अभूतपूर्व जनविश्वास है। सभी समाज का साथ उनके प्रत्याशी नीलाभ कुमार को मिल रहा है।