यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kudhni Assembly By-election: मोकामा-गोपालगंज के बाद कुढ़नी उपचुनाव के बारे में जानें सबकुछ
उपचुनाव की तैयारी की जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने दी जानकारी। विधानसभा क्षेत्र में एसडीओ पश्चिमी ने लागू की निषेधाज्ञा। जिला ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। राजद विधायक डा. अनिल सहनी की सदस्यता समाप्त होने के बाद कुढ़नी विधानसभा में उपचुनाव की घोषणा कर दी गई। पांच दिसंबर को होने वाले मतदान की तैयारी को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी प्रणव कुमार ने प्रेस वार्ता के जरिए जानकारी दी। मौके पर एसएसपी जयंत कांत भी मौजूद थे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी 320 बूथों पर सुरक्षा बल की तैनाती रहेगी। अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती को लेकर इसकी संख्या का आकलन किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि विधानसभा में तीन लाख 10 हजार 987 वोटर हैं। इनमें 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता एवं दिव्यांगों के लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा 741 सर्विस वोटर भी मतदान कर सकेंगे।
सात सहायक निर्वाची पदाधिकारी
उप चुनाव के लिए निर्वाची पदाधिकारी डीसीएलआर पश्चिमी खगेश चंद्र झा होंगे। उनकी सहायता के लिए सात सहायक निर्वाची पदाधिकारी रहेंगे। इनमें कुढ़नी के सीओ, बीडीओ, सीडीपीओ, सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, सरैया सीओ एवं पुराअभिलेखपाल राजस्व अभिलेखागार शामिल हैं। उपचुनाव को लेकर एसडीओ पश्चिमी बृजेश कुमार ने विधानसभा क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दिया है। जारी आदेश में एसडीओ ने कहा है कि आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। क्षेत्र में 60 दिनों के लिए निषेधाज्ञा लागू की जा रही है। इस अवधि में सक्षम पदाधिकारी की अनुमति के बाद ही सभा, जुलूस, धरना या प्रदर्शन और ध्वनि विस्ताकर यंत्र का प्रयोग किया जा सकेगा। रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक ध्वनि विस्ताकर यंत्र का प्रयोग वर्जित रहेगा।
कुढ़नी विधानसभा पर एक नजर
मतदाता : पुरुष - 164474, महिला - 146507, थर्ड जेंडर - छह
मतदान केंद्रों की संख्या - 320
उप चुनाव के लिए महत्वपूर्ण तिथियां
गजट का प्रकाशन व नामांकन प्रारंभ : 10 नवंबर
नामांकन की अंतिम तिथि : 17 नवंबर
आवेदनों की स्क्रूटनी : 18 नवंबर
नामांकन वापसी की अंतिम तिथि : 21 नवंबर
मतदान : पांच दिसंबर
मतगणना : आठ दिसंबर