Move to Jagran APP

Kudhani By-Election: निर्णायक दौर में कुढ़नी का राजनीतिक संघर्ष, प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने झोंकी ताकत

Kudhani By-Election 2022 कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रचार का शोर शनिवार को थम गया। रविवार को प्रत्याशी घर-घर जाकर वोट देने की अपील कर रहे हैं। सोमवार को मतदान होगा। चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में मतदाताओं को पक्ष में करने के लिए सभी दलों ने ताकत झोंक दी।

By Jagran NewsEdited By: Aditi ChoudharyPublished: Sun, 04 Dec 2022 10:34 AM (IST)Updated: Sun, 04 Dec 2022 10:34 AM (IST)
Kudhani By-Election: निर्णायक दौर में कुढ़नी का राजनीतिक संघर्ष, प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने झोंकी ताकत
Kudhani Assembly By-Election: सोमवार को कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव के लिए होगा मतदान

पटना/मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव निर्णायक दौर में पहुंच गया है। पिछले कई दिनों से जारी प्रचार का शोर शनिवार को थम गया। रविवार को प्रत्याशी घर-घर जाकर वोट देने की अपील करेंगे। सोमवार को मतदान होगा। सुबह सात से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतों की गिनती आठ दिसंबर को होगी। चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में मतदाताओं को पक्ष में करने के लिए सभी दलों ने ताकत झोंक दी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की संयुक्त सभा हुई। वहीं प्रचार के अंतिम दिन शनिवार को दिग्गजों ने रोड और सभा के जरिए अपने-अपने प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए जमकर पसीना बहाया। इंटरनेट मीडिया के जरिए भी विपक्ष के दलों को घेरने का प्रयास किया।

loksabha election banner

भाजपा और जदयू के बीच रोचक मुकाबला

प्रचार के आखिरी दिन देर शाम तक मतदाताओं को गोलबंद करने के लिए नेताओं की टीम जुटी रही। लड़ाई महागठबंधन ने तीन बार के पूर्व विधायक रहे जदयू के मनोज कुशवाहा और भाजपा से पिछले चुनाव में महज 712 मतों से हारे पूर्व विधायक केदार गुप्ता के बीच दिख रही है। मुकाबले को रोचक बनाने में वीआइपी और ओवैसी की पार्टी के उम्मीदवार भी मैदान में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। दो निर्दलीय भी एड़ी-चोटी का पसीना बहा रहे हैं। मुकाबले में प्रत्याशी: मुख्य मुकाबला भाजपा और महागठबंधन में ही माना जा रहा है। वीआइपी के उम्मीदवार निलाभ कुमार इसमें तीसरा कोण का प्रयास करते दिख रहे हैं। उनको आए वोट एनडीए का ही खेल बिगाड़ेगा। एआइएमआइएम उम्मीदवार मो. गुलाम मुर्तजा भी मैदान में हैं। अल्पसंख्यक वोट पर ही उनकी नजर है।

2020 के विस चुनाव में राजद की हुई थी जीत

2020 के विस चुनाव में कुढ़नी सीट पर राजद की जीत हुई थी। वहीं, भाजपा के उम्मीदवार केदार गुप्ता महज 712 मतों चुनाव हार गए थे। 2020 में एनडीए में भाजपा को जदयू का भी समर्थन हासिल था। इस बार जदयू और राजद एक साथ हैं। कांग्रेस व वाम दल समेत सात दलों की ताकत भी शामिल है, जबकि भाजपा लोजपा के चिराग पासवान और पशुपाति पारस की मदद से संघर्ष कर रही है। 2015 में महागठबंधन को भाजपा ने परास्त किया था।

अंतिम दिन चिराग और रवि किशन का प्रचार

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा उम्मीदवार केदार प्रसाद गुप्ता के समर्थन में लोजपा रामविलास के सांसद चिराग पासवान की सभा केरमा हाईस्कूल के खेल मैदान में हुई। सभा में गोरखपुर के सांसद रवि किशन, नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी आदि शामिल हुए। इससे पहले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय ने जनसंपर्क किया था।

320 बूथों पर 16 कंपनी अर्द्धसैनिक बल किए जाएंगे तैनात

सोमवार की सुबह सात बजे से शाम के छह बजे तक 320 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव मैदान में 13 उम्मीदवार हैं। इनके भाग्य का फैसला कुढ़नी के तीन लाख 11 हजार 728 मतदाता करेंगे। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव कराने को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने शनिवार की शाम संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण व भयमुक्त होकर मतदाता अपने मत का प्रयोग करें। सभी बूथों पर धारा 144 लगा दी गई है। अर्द्धसैनिक बलों की कुल 16 कंपनियां लगाई गई हैं।

शुक्रवार को सीएम नीतीश व तेजस्वी ने की थी सभा

केरमा हाईस्कूल के मैदान में शुक्रवार को सीएम नीतीश कुमार व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की सभा जदयू उम्मीदवार मनोज कुशवाहा के समर्थन में हुई थी। जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने जनसंपर्क किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के अलावा मंत्री विजय चौधरी, लेशी सिंह, सुरेंद्र यादव, समीर महासेठ, सुमीत सिंह, इसरायल मंसूरी व अन्य ने लगातार जनसंपर्क िकया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.