जानिए क्यों मधुबनी में पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्र और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट की नाैबत आ गई
कॉलेज के छात्र द्वारा स्थानीय युवतियों व लड़कियों पर फब्तियां कसने से लोगों में आक्रोश था। मंगलवार को यह भड़क उठा।
मधुबनी, जेएनएन। जिले के झंझारपुर अनुमंडल स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्रों व स्थानीय लोगों में जमकर मारपीट हुई है। दोनों ओर से भारी पत्थरबाजी की गई है। इसमें एक युवती समेत कई लोग घायल हो गए हैं। कई छात्रों के चोटिल होने की सूचना आ रही है। फिलहाल यहां कई थानों की पुलिस पहुंच गई है। स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। कॉलेज को सैकड़ों की संख्या में लोगों ने घेर रखा है। पत्थरबाजी में कॉलेज के हॉस्टल को नुकसान पहुंचा है।
बताया जाता है कॉलेज के छात्र द्वारा स्थानीय युवतियों व लड़कियों पर फब्तियां करने से लोगों में आक्रोश था। मंगलवार को यह भड़क उठा। लोगों ने छात्रों पर फब्तियां कसने का आरोप लगाते हुए कॉलेज व हॉस्टल पर हल्ला बोल दिया। देखते-देखते दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। लाठी-डंडे निकल गए। स्थानीय लोगों की संख्या काफी अधिक होने से छात्र कमजोर पड़ गए। अड़रिया संग्राम पुलिस की मदद से छात्रों को हॉस्टल पहुंचाया गया है। मगर, उग्र ग्रामीण कॉलेज के बाहर जमे हुए हैं। इससे यहां काफी तनाव है।