Bihar Lockdown VIDEO: नेपाल से बिहार में घुसे दो हजार भारतीय, जानें क्या हैं हालात
Coronavirus नेपाल सरकार ने वहां रहने वाले भारतीयों को देश से जाने का आदेश दिया है। इसके बाद वे बिहार में घुसने की कोशिश में हैं।
पूर्वी चंपारण, जेएनएन। कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए पूरे भारत में लॉकडाउन है। बॉर्डर भी सील है। इस बीच नेपाल की राजधानी काठमांडू समेत विभिन्न हिस्सों में रहे लोगों को देश छोड़ने का आदेश दिया गया है। वहां मजदूरी करने वाले लोग परिवार व बच्चों के साथ रविवार की देर रात से ही रक्सौल-वीरगंज मैत्री पुल के पास जमा होने लगे। कुछ मजदूरों को नेपाल सरकार की ओर से बसों में बॉर्डर तक छोड़ा गया। अभी करीब दो हजार लोग वहां जमा हो गए हैं और देश में प्रवेश करना चाह रहे हैं। लोगों की संख्या को देखते हुए पुल को बंद कर दिया गया है। एसएसबी के जवान भी अलर्ट हैं। वे प्रशासनिक आदेश मिलने के बाद लोगों की जांच करने की बात कह रहे हैं।
वीडियो : रक्सौल बॉर्डर की स्थिति यहां पर देखें
इस संबंध में रक्सौल के अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार व एसएसबी कमांडेंट प्रियव्रत शर्मा ने कहा कि अभी मेडिकल टीम नहीं पहुंची है। यहां आए सभी लोगों की जांच की जाएगी। इसके बाद ही इन्हें भारत में प्रवेश दिया जाएगा। जांच के बाद इन्हें आश्रय गृह में क्वारंटाइन किया जाएगा। इसके बाद ही वे अपने अपने घरों को जा सकेंगे। वहीं, सीमा पर खड़े लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वहां किसी तरह की सुविधा नहीं होने के कारण उनकी स्थिति खराब होती जा रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए अतिरिक्त जवानों को लगाया गया है।