जानिए कैसे, वाहनों के गुजरने से उड़ने वाली धूल आपको कर रही बीमार Muzaffarpur News
Air pollution in Muzaffarpur शहर में सभी प्रमुख सड़कों पर जमी रहती धूल की परत। सड़कों पर पानी का छिड़काव नहीं होने से परेशानी और बढ़ी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। शहर की तमाम सड़कों पर धूल की परत जमा है। वाहनों के गुजरने के दौरान पीछे धूल उडऩे लगती है। शहर की हवा में धूलकण होने से वह जहरीली होती जा रही है। इससे प्रदूषण फैलने से लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है।
शहर के भगवानपुर में ओवरब्रिज के किनारे धूल की परत जमी हुई है। इस पर से गुजरने वाले वाहन धूल उड़ाते हुए आगे बढ़ते हैं। इससे पीछे से आने वाले लोगों को धूल कम होने का इंतजार करना पड़ता है। नारायणपुर अनंत में गोदाम में उतरने वाली सीमेंट, गिट्टी के कारण इलाका धूल से भरा रहता है। ऐसी स्थिति में यदि आप उस इलाके से गुजरते हैं या किसी कारण से कुछ अधिक समय तक वहां रहना होता है तो यह खतरनाक है। सभी धूलकण सांस के माध्यम से फेफड़े में समा जाता है। जो कई तरह की बीमारियों का कारण बन जाता है।
गोदाम से निकलकर सड़क पर लगने वाले ट्रक से भी धुआं निकलता रहता है। इस ओर से गुजरने वाले लोगों को पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। इसके साथ ही सड़कों पर कचरा रखा जाता है। इस पर से गुजरने वाले वाहनों से उडऩे वाला धूलकण लोगों को परेशान कर रही है। इसके बावजूद प्रशासन सभी सड़कों पर पानी का छिड़काव नहीं करा रहा है। लोगों ने कहा कि धूलकण से बचाव के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव जरुरी है। लेकिन कोई पहल नहीं हो रही है।