यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मुजफ्फरपुर के औराई व कटरा में महीने में दो दिन जनता दरबार, बिहार सरकार के मंत्री ने की घोषण
Muzaffarpur News राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री ने जनता दरबार लगा सुनी समस्याएं। जन शिकायत के 72 मामले पहुंचे अधिकांश ...और पढ़ें

औराई (मुजफ्फरपुर), जासं। सूबे के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत कुमार ने शनिवार को स्थानीय परिसदन में जनता दरबार लगाया और लोगों की समस्याएं सुनीं। इस मौके पर प्रखंड के सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे। कुल 72 मामले जन शिकायत के पहुंचे। अधिकतर मामले भूमि एवं अतिक्रमण से संबंधित थे। वहीं मौके पर पांच अग्नि पीडि़तों के बीच 9,800 रुपये के चेक का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि हर महीने के प्रथम शनिवार को औराई की आम जनता की सुविधा के लिए परिसदन में 11 से एक बजे तक जनता दरबार लगाया जाएगा। वहीं कटरा प्रखंड के लिए महीने के अंतिम शनिवार को जनता दरबार के लिए समय दिया जाएगा। इसमें भूमि संबंधी मामलों के अलावा अन्य मामलों की भी सुनवाई की जाएगी। इधर, जिला मुख्यालय में महीने में एक रविवार को भाजपा कार्यालय में जनता दरबार का कार्यक्रम रखा गया है। इसमें राजस्व विभाग की समस्याओं को सुना जाएगा।
मंत्री ने अंचलाधिकारी को राजस्व कर्मचारी का रोस्टर बनाकर पंचायतों में तैनात करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में भाजपा नेता बिपुल कुमार ने धरहरवा पंचायत में मनरेगा में व्यापक अनियमितता की शिकायत की एवं लिखित आवेदन दिया। वहीं संतोष कुमार, पैक्स अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता समेत अन्य लोगों ने पंचायत में मनरेगा में मिट्टी भराई का कार्य ट्रैक्टर एवं जेसीबी से कराने का आरोप लगाया और फर्जी ढंग से मजदूरों की हाजिरी दिखाई जाने की बात कही। इन लोगों ने कहा कि पंचायत के हनुमान नगर से चैनपुर जाने वाली पीसीसी सड़क में महज छह माह के अंदर गिट्टी उखडकर बिखडऩे लगी है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंचायत में मनरेगा की लूट लोजना चली हुई है जिस पर 50 लाख से अधिक की अवैध निकासी हो चुकी है। मौके पर अंचलाधिकारी रामानंद सागर, बीडीओ महेश्वर पंडित, सुभाष शर्मा, हरिओम कुमार, संजीत सहनी, शोभेंद्र सिंह, चितरंजन झा, नवीन कुमार समेत सभी विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।