विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MLC चुनाव से पहले प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी में बगावत, भूषण झा निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव

Published: Fri, 25 Sep 2026 09:52 PM (IST)

Tirhut MLC Election: जनसुराज पार्टी को तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बड़ा झटका लगा है, जहां घोषित प्रत्याशी भूषण झा ...और पढ़ें

शुक्रवार को मुजफ्फरपुर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भी प्रशांत किशोर के साथ नजर आए भूषण झा।

शुक्रवार को मुजफ्फरपुर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भी प्रशांत किशोर के साथ नजर आए भूषण झा।

HighLights

  1. जनसुराज प्रत्याशी भूषण झा ने 24 घंटे में बगावत की।

  2. भूषण झा अब तिरहुत शिक्षक सीट से निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव।

  3. प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज नए उम्मीदवार पर विचार कर रही।

अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर। Jansuraj Bhushan Jha Rebel: बिहार विधान परिषद के तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में प्रशांत किशोर की पार्टी 'जनसुराज' को बड़ा झटका लगा है।

पार्टी द्वारा प्रत्याशी घोषित किए जाने के महज 24 घंटे के भीतर ही शिक्षक नेता भूषण झा ने बगावत का झंडा बुलंद कर दिया है।

शुक्रवार को पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर की समीक्षा बैठक के तुरंत बाद उन्होंने पार्टी छोड़ने और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा कर दी।

प्रेस विज्ञप्ति में उठाए गंभीर सवाल

भूषण झा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया कि समीक्षा बैठक के दौरान जब वे अपनी बात रख रहे थे, तो उनके साथी शिक्षकों को रिकॉर्डिंग करने से रोक दिया गया।

उन्होंने कहा कि मीडिया तक उनकी आवाज न पहुंचे, इसके लिए दबाव बनाया गया और तय पटकथा के अनुसार बोलने को मजबूर किया गया।

यह व्यवहार उन्हें अत्यंत आपत्तिजनक लगा, जिसके बाद साथी शिक्षकों के सुझाव पर उन्होंने जनसुराज का दामन छोड़कर निर्दलीय लड़ने का फैसला किया।

बैठक में नहीं लिया गया नाम

समीक्षा बैठक के दौरान उस वक्त हलचल और बढ़ गई जब प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में शिक्षक सीट के प्रत्याशी का नाम तक नहीं लिया।

भूषण झा के अनुसार, बैठक में कार्यकर्ताओं के चुनाव लड़ने के तौर-तरीकों को देखकर लगा कि संगठन को अभी काफी प्रशिक्षण की जरूरत है।

इधर, जनसुराज के प्रवक्ता नदीम खान ने स्पष्ट किया है कि स्नातक सीट पर डॉ. विमोहन कुमार ही प्रत्याशी रहेंगे, जबकि शिक्षक सीट के उम्मीदवार के नाम पर नए सिरे से विचार किया जा रहा है।

शिक्षकों से बड़े-बड़े वादे

दूसरी ओर, चुनावी सरगर्मी के बीच प्रशांत किशोर ने मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर और मिठनपुरा में अलग-अलग बैठकें कर शिक्षकों को साधने की कोशिश की।

उन्होंने सभी श्रेणी के शिक्षकों को उचित सम्मान, सातवां वेतनमान देने और वित्तरहित व वित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों की समस्याओं के स्थायी समाधान का दावा किया। बैठकों में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती समेत जनसुराज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस और JDU से जन सुराज में आए भूषण झा तिरहुत शिक्षक सीट के प्रत्याशी, स्नातक से डॉ विमोहन को टिकट