बिहार के सीएम को मिलेगा आदर्श मुख्यमंत्री का सम्मान, भारतीय छात्र संसद ने लिया इसका निर्णय
कार्यक्रम के दौरान देश की बड़ी राजनैतिक हस्तियों समेत विभिन्न सेक्टरों के गण्यमान्य लोग मौजूद रहेंगे, इस बार सम्मान समारोह का आयोजन का नौवा वर्ष होगा।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आदर्श मुख्यमंत्री का खिताब मिलेगा। इसका निर्णय भारतीय छात्र संसद ने लिया है। सम्मान समारोह के आयोजन की तिथि का भी निर्धारण कर दिया गया है। छात्र संसद के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार सोनू, जिलाध्यक्ष कंचन माला, मोतीपुर प्रखंड प्रमुख पूनम गुप्ता ने प्रेस कांफ्रेंस में संयुक्त रूप से यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 जनवरी से कोथरूड स्थित एमआइटी वल्र्ड पीस यूनिवर्सिटी में नौवीं भारतीय छात्र संसद का आयोजन होने जा रहा है।
यह आयोजन भारतीय छात्र संसद फाउंडेशन, एमआइटी स्कूल ऑफ गवर्नमेंट और एमआइटी वल्र्ड पीस यूनिवर्सिटी, पुणे के संयुक्त तत्वावधान में होगा। कहा कि छात्र संसद के मुख्य संरक्षक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस हैं, केंद्रीय युवा तथा कल्याण राज्यमंत्री कैप्टन राजवर्धन सिंह राठौड़ का सहयोग है। छात्र संसद समारोह का आयोजन तीन दिनों तक होगा। इसमें देश की बड़ी राजनैतिक हस्तियों समेत विभिन्न सेक्टरों के गण्यमान्य लोग मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि छात्र संसद का मकसद युवा पीढिय़ों की मानसिकता में क्रांतिकारी बदलाव लाना, राष्ट्र एवं समाज निर्माण के लिए सार्वजनिक कार्य में बढ़-चढ़कर शामिल होने के लिए प्रेरित करना है। इसी उद्देश्य से सन 2011 में छात्र संसद की शुरुआत हुई। इसके पहले मध्यप्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आदर्श मुख्यमंत्री का सम्मान दिया गया था। लगातार आठ वर्षाे से छात्र संसद के माध्यम से बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित किया जा चुका है। इस बार नौवें वर्ष सम्मान समारोह का आयोजन होगा। छात्र संसद कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर शोर से चल रही है।