समस्तीपुर रेल मंडल में हाईटेक होगी सिग्नल व्यवस्था, ट्रैक चार्जर खराब होते ही बजेगा अलार्म
समस्तीपुर रेल मंडल सिग्नल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ट्रैक फीड चार्जर में खराबी आने पर स्वचालित चेतावनी प्रणाली ...और पढ़ें

खराबी आते ही तुरंत अलार्म बजेगा और ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मियों को इसकी सूचना मिल जाएगी। फोटो : इंटरनेट मीडिया
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Samastipur Railway Division Track Feed Charger: ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन और सिग्नल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में समस्तीपुर रेल मंडल ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
मंडल के मुजफ्फरपुर समेत विभिन्न स्टेशनों पर ट्रैक फीड चार्जर में खराबी आते ही अलर्ट करने वाली स्वचालित चेतावनी प्रणाली (ऑटोमैटिक वार्निंग अलार्म) लगाई जाएगी।
इस आधुनिक व्यवस्था पर लगभग 1 करोड़ 79 लाख रुपये की अनुमानित लागत आएगी, जिसके लिए रेलवे ने ई-निविदा (टेंडर) जारी कर दी है। टेंडर डालने की अंतिम तिथि 4 नवंबर तय की गई है।
दूर होगी तकनीकी बाधा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक फीड चार्जर सिग्नलिंग प्रणाली का एक बेहद अहम हिस्सा होता है। इसमें किसी भी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी आने से बिजली आपूर्ति और सिग्नल व्यवस्था सीधे तौर पर प्रभावित होती है।
इस नई स्वचालित प्रणाली के लग जाने से खराबी आते ही तुरंत अलार्म बजेगा और ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मियों को इसकी सूचना मिल जाएगी। इससे कर्मचारी बिना समय गंवाए तुरंत मरम्मत का काम शुरू कर सकेंगे।
ट्रेनों की लेटलतीफी से मिलेगी राहत
सिग्नलिंग में आने वाली तकनीकी बाधाओं को समय रहते दूर कर लेने से ट्रेनों के परिचालन में अनावश्यक रुकावट नहीं आएगी। इससे न केवल ट्रेनों की रफ्तार और सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि यात्रियों को होने वाली असुविधा से भी बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे का यह कदम ट्रेन संचालन को पूरी तरह सुरक्षित और समयबद्ध बनाने में काफी मददगार साबित होगा।
यह भी पढ़ें- नई दिल्ली-पटना के बीच शुरू हुई स्पेशल वंदे भारत, दीपावली और छठ पर घर जाना हुआ आसान
