सीतामढ़ी में लॉकडाउन के बीच अपराधियों ने व्यवसायी को मारी गोली, पिस्टल लहराते हुए भागे
व्यवसायी दुकान बंद कर रहे थे तभी गोली मारी गई। तीन अपराधी एक ही बाइक पर सवार थे। घटना के बाद अपराधी पिस्टल लहराते हुए भाग गए।
सीतामढ़ी,जेएनएन। शहर के व्यस्तम कोट बाजार में मंगलवार अपराह्न तकरीबन एक बजे मनोज कुमार (45) नामक एक किराना व्यवसायी को अपराधियों ने गोली मार दी। व्यवसायी के पेट में गोली लगी है। उनकी हालत नाजुक है। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। रामविलास मंदिर के निकट दुकान चलाने वाले व्यवसायी दुकान बंद कर रहे थे। उसी समय तीन अपराधी एक ही बाइक पर सवार होकर आए और गोली मार दी।
बेखौफ अपराधी पिस्टल लहराते हुए बाजार से निकल गए। वार्ड संख्या-13 में कोट बाजार में ही उनकी दुकान से कुछ दूरी पर मकान भी है। तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं मनोज कुमार । घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। उनके स्वजन का कहना है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं रही है। लॉकडाउन में इस घटना को अंजाम देने के पीछे अपराधियों की क्या मंशा रही होगी, पुलिस भी पसोपेश में पड़ गई है। हालांकि, अपराधियों ने लॉकडाउन में पुलिसिया बंदोबस्त को धता बता दिया। सूचना मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर विजय यादव, नगर थानाध्यक्ष प्रभात रंजन सक्सेना दलबल के साथ पहुंच गए। घटनास्थल की छानबीन के साथ नर्सिंग होम भी पहुंचे। व्यवसायी के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई है। लॉकडाउन में बड़ी आरजू-मिन्नत के बाद व्यवसायी घरों से बाहर निकलकर दुकान खोल रहे हैं, मगर इस घटना को लेकर दहशत में आ गए हैं।