नजर के सामने बदमाश ने बाइक स्टार्ट की और ले भागा, वे देखते ही रह गए
पटना से दरभंगा जाते समय सदर थाना के खबड़ा भेल कॉलोनी के निकट हुई घटना। कुछ दूर तक शोर मचाते हुए पीछा भी किया। लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। पटना से दरभंगा के लिए पत्नी के साथ बाइक से चले कैमूर जिला के भीम गांव निवासी रजनीकांत की बाइक बदमाशों ने उनकी नजर के सामने से उड़ा ली। यह घटना तब घटी जब वे खबड़ा भेल कॉलोनी के समीप बाइक से उतर किसी काम के लिए थोड़ी दूर गए थे। इस संबंध में उन्होंने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों को आरोपित बनाया है।
रजनीकांत ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से पटना से दरभंगा जा रहा था। रास्ते में सड़क किनारे बाइक खड़ी कर दोनों किसी काम के लिए थोड़ी दूर गए। जब वे वापस आए तो देखा कि एक बाइक पर सवार दो युवक उनकी बाइक के पास आकर रुके हैं। उस बाइक के पीछे बैठा हुआ युवक उनकी बाइक को स्टार्ट कर भागने लगा। उन्होंने कुछ दूर तक शोर मचाते हुए पीछा भी किया। लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह निराला ने बताया कि बदमाशों की पहचान की जा रही है।