मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े पिस्टल के बल पर होमगार्ड जवान व भाभी से लूटपाट, जेवरात व बैग ले उड़े अपराधी
मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक होमगार्ड जवान और उनकी भाभी से पिस्टल के ...और पढ़ें

घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी जैतपुर रजनीकांत पटेल।
HighLights
होमगार्ड जवान और भाभी से दिनदहाड़े लूटपाट हुई।
बाइक सवार बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर जेवर लूटे।
पुलिस मौके पर पहुंची, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
मनोज कुमार, सरैया (मुजफ्फरपुर)। सरैया थाना क्षेत्र के बिसरपट्टी गांव के समीप एसएच-86 पर सोमवार की दोपहर बदमाशों ने पुलिस गश्ती को धता बताते हुए लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया। बाइक सवार अपराधियों ने पिस्टल के बल पर एक होमगार्ड जवान व उनकी भाभी को बीच रास्ते में रोक लिया और हथियारों का भय दिखाकर लूटपाट की।
बदमाश महिला के गले से सोने की चेन, कान की बाली, नाक की नथिया, पर्स व बैग लूटकर हथियार लहराते हुए रघुनाथपुर की ओर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र स्थित शम्भूपुर कुआंरी गांव निवासी चंदन कुमार होमगार्ड के जवान हैं। उनकी भाभी की मां (महिला की मां) की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही है।
सोमवार दोपहर चंदन अपनी भाभी को लेकर बाइक से उनके मायके जैतपुर थाना क्षेत्र के कोलवारा गांव जा रहे थे। इसी क्रम में एसएच-86 पर बिसरपट्टी के समीप पीछे से आए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया।
रुकते ही बदमाशों ने दोनों पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए महिला से सारे जेवरात उतरवा लिए। इसके बाद उनका पर्स और सामान से भरा बैग भी छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बड़ी आसानी से हथियार लहराते हुए रघुनाथपुर की दिशा में भाग निकले।
घटना के बाद पीड़ित जवान ने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। दिनदहाड़े लूट की सूचना मिलते ही जैतपुर थानाध्यक्ष रजनीकांत पटेल पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की।
पुलिस ने पीड़ितों से घटना और अपराधियों के हुलिए की विस्तृत जानकारी ली है। क्या कहते हैं थानाध्यक्ष: जैतपुर थानाध्यक्ष रजनीकांत पटेल ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। आसपास के रास्तों और संभावित ठिकानों पर अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।
