नक्सली महिला दस्ता की हार्डकोर उर्मिला गिरफ्तार, इन वारदातों में थी शामिल Muzaffarpur News
पुलिस की संयुक्त टीम ने मीनापुर सेंटर गांव की रहने वाली है उर्मिला को किया गिरफ्तार। पांच माह में महिला दस्ता से जुड़ी तीसरी हार्डकोर की गिरफ्तारी।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। नक्सली महिला दस्ता की सक्रिय सदस्य हार्डकोर उर्मिला देवी को पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। वह मीनापुर थाना के मीनापुर सेंटर गांव की रहने वाली है। कई नक्सली विस्फोट के वारदात में शामिल होने का उस पर आरोप है। विशेष शाखा के राज्य मुख्यालय से मिली इनपुट के आधार पर मीनापुर थाना पुलिस व एसएसबी की संयुक्त टीम ने उसके घर पर छापेमारी कर गिरफ्तार किया। विकास रजक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के लिए यह बड़ी सफलता है।
कुढऩी में ईंट भट्ठा व जैतपुर में मोबाइल टावर उड़ाने का आरोप
कुढऩी थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में ईंट-भट्ठा को विस्फोट से उड़ाने की घटना में उसकी संलिप्तता सामने आई थी। यह घटना 16-17 अप्रैल 2013 की रात घटी थी। लेवी नहीं देने पर इस घटना को अंजाम दिया गया था। इसी तरह सरैया थाना के जैंतपुर ओपी के चाकोछपरा गांव में 23-24 अक्टूबर 2013 की रात मोबाइल टावर को विस्फोट से उड़ाने की घटना में भी उसकी संलिप्तता के साक्ष्य पुलिस को मिले हैं। वह गिरफ्तारी के भय से फरार चल रही थी। कुछ दिन पहले वह घर पहुंची थी।
विस्फोट की एक्सपर्ट
पांच माह के अंदर नक्सली महिला दस्ता से जुड़ी हार्डकोर की तीसरी गिरफ्तारी है। इससे पहले पिछले साल 12 जुलाई को मीनापुर सेंटर गांव की ही रेखा भारती को गिरफ्तार किया गया था। इसके एक माह बाद कांटी थाना के फतेहपुर गांव की रागिनी को 12 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। तीनों दस्ते की बेहद सक्रिय सदस्य रही है। विस्फोट की वारदात को अंजाम देने में एक्सपर्ट मानी जाती थी।